फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: मेरठ के महापौर हरिकांत अहलूवालिया की भाभी धोखाधड़ी में फंसी, निरस्त होगा पिस्टल का लाइसेंस; ये है मामला

Sun, 18 Oct 2026 10:50 AM IST
Mohd Mustakim दिशांत त्रिवेदी, मेरठ

सार

Meerut News: गंगानगर निवासी सिद्धार्थ सिंह ने मेयर की भाभी नलिनी अहलूवालिया और उनके पुत्र शुभम के खिलाफ कार से जुड़े लेनदेन की रकम को लेकर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लालकुर्ती पुलिस लाइसेंस निरस्त करने के लिए डीएम को रिपोर्ट भेजेगी। 
विज्ञापन
महापौर हरिकांत आहलूवालिया। फाइल फोटो। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महापौर हरिकांत अहलूवालिया की भाभी नलिनी अहलूवालिया के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज होने की वजह से उनके पिस्टल का लाइसेंस रद्द होगा। लालकुर्ती पुलिस ने जांच रिपोर्ट में लिखा है कि धोखाधड़ी का मुकदमा होने की वजह से शस्त्र लाइसेंस नवीनीकरण की संस्तुति नहीं की जा सकती। लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट जल्द ही डीएम को भेजी जाएगी।
विज्ञापन

 
Trending Videos

लालकुर्ती थाना क्षेत्र के तिलक रोड की निवासी नलिनी अहलूवालिया मेयर हरिकांत अहलूवालिया की भाभी हैं। उनके .22 पिस्टल का लाइसेंस 29 सितंबर तक वैध था। नलिनी ने लाइसेंस नवीनीकरण के लिए डीएम डॉ. वीके सिंह के समक्ष शस्त्र अनुभाग में आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर डीएम ने डीसीआरबी और लालकुर्ती थाने से रिपोर्ट मांगी। डीसीआरबी और लालकुर्ती थाने में नलिनी के खिलाफ एक केस दर्ज पाया गया। सीसीटीएनएस पोर्टल पर भी इसकी पुष्टि हुई।
 

दरअसल, गंगानगर थाने में आठ जनवरी 2024 को जीपी 103 किरण विला गंगानगर निवासी सिद्धार्थ सिंह ने यह प्राथमिकी दर्ज कराई थी। नलिनी और उनके पुत्र शुभम अहलूवालिया पर कार से जुड़े लेनदेन की रकम को लेकर धोखाधड़ी का आरोप था। इस मामले में पुलिस ने नलिनी और शुभम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। लालकुर्ती पुलिस ने जब क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) पोर्टल पर देखा तो प्राथमिकी में नलिनी का नाम दर्ज मिला। डीसीआरबी में भी प्राथमिकी की पुष्टि हुई।
 

लालकुर्ती पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि धोखाधड़ी का केस होने के कारण लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं किया जा सकता। यह आपत्ति लगाकर रिपोर्ट डीएम कार्यालय के लिए भेज दी गई है। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने भी निर्देश दिया कि जिनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है, उनके लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट तत्काल भेजी जाए। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि जिनके खिलाफ प्राथमिकी है, उनके लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
 

ये दी सफाई
मेरी मां नलिनी अहलूवालिया का स्वास्थ्य खराब चल रहा है। 2024 में मेरे और मेरी मां के खिलाफ सिद्धार्थ ने कार के लेन-देन को लेकर मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें समझौता हो चुका है। हाईकोर्ट में भी सिद्धार्थ ने लिखकर दिया है। 
- शुभम अहलूवालिया पुत्र नलिनी अहलूवालिया।

ये बोले महापौर
मुझे नलिनी और शुभम पर दर्ज मुकदमे की जानकारी नहीं है। उनके पास कौन सा शस्त्र है, इसकी जानकारी भी हमारे पास नहीं है। मेरे वहां ज्यादा ताल्लुकात नहीं हैं। 
- हरिकांत अहलूवालिया, महापौर मेरठ
 

हथियारों का प्रदर्शन करने पर कार्रवाई हो, केस दर्ज होने पर लाइसेंस होगा निरस्त : डीआईजी
डीआईजी कलानिधि नैथानी के आदेश पर चल रहे अभियान में एक सितंबर लेकर 30 सितंबर तक रेंज में 208 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। इनसे 185 अवैध शस्त्र व 214 कारतूस बरामद करते हुए 180 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। डीआईजी ने कहा कि अवैध हथियार बनाने और बेचने वालों पर आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 
विज्ञापन

उन्होंने रेंज के सभी एसएसपी को शनिवार को निर्देश दिए कि किसी को कारतूस के लिए भटकना न पड़े। थानेदार और सीओ अपनी रिपोर्ट लगाकर एसडीएम को भेजें। नियमानुसार लाइसेंस धारक कारतूस खरीद सके। कारतूस का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए। समय-समय पर लाइसेंसधारी से बीट सिपाही मिलकर उनके हथियार के बारे में जानकारी भी करें। डीआईजी ने कहा कि जो लोग अवैध रूप से हथियार बेच रहे हैं, उन पर कार्रवाई करने के साथ गुंडा एक्ट और गैंगस्टर के तहत भी कार्रवाई की जाए।

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें