सहारनपुर के बाढ़ीमाजरा में वांछित आरोपी को पकड़ने गई हरियाणा पुलिस को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस पर पत्थरबाजी भी की गई। हालांकि पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पिता ने पुलिस पर महिलाओं से मारपीट और अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए सीओ को तहरीर दी है।
शुक्रवार सुबह हरियाणा की कुरुक्षेत्र पुलिस गंगोह पुलिस को साथ लेकर गांव बाढ़ीमाजरा में वांछित आरोपी सद्दाम को पकड़ने गई थी। सद्दाम कुरुक्षेत्र कोतवाली में अवैध तमंचे के किसी मामले में वांछित चल रहा है। सद्दाम पुलिस को उसके घर पर ही मिल गया। जब पुलिस ने उसे ले जाना चाहा तो घर की महिलाओं एवं अन्य परिजनों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। शोर सुनकर अन्य ग्रामीण भी आ गए और पुलिस से सद्दाम को छुड़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। बावजूद पुलिस आरोपी को ले जाने में कामयाब रही।
उधर, आरोपी सद्दाम के पिता जीशान ने सीओ राजेंद्र सिंह को तहरीर देकर हरियाणा और गंगोह पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए है। शुक्रवार सुबह गंगोह और कुरुक्षेत्र पुलिस कर्मी उसके घर में घुस आए। पुलिसकर्मी बिना किसी वजह उसके पुत्र सद्दाम को घसीटकर अपने साथ ले जाने लगे। जब उसकी पुत्री तरन्नुम ने सद्दाम के अपराध के बारे में पूछा तो आरोपी पुलिसकर्मी तैश में आ गए और रायफल की बटों से तरन्नुम के साथ मारपीट और अभद्रता की। इतना ही नहीं बल्कि उसकी 80 वर्षीय बूढ़ी मां और पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। जिसमें वह तीनों घायल हो गई।
पढ़ें : बर्थडे पार्टी का नशा, कैंपस में जमकर अराजकता, युवकों को किया अधमरा, देखें तस्वीरें