Meerut News: मोहनपुरी की महिलाओं ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर उखाड़कर विरोध जताया। साथ ही बिजलीघर का घेराव कर हंगामा किया और पुराने मीटर वापस लगाने की मांग की। कहा कि मीटर में तकनीकी दिक्कत या बैलेंस खत्म होने के नाम पर अचानक बिजली कट जाती है।
स्मार्ट प्रीपेड मीटर के विरोध की आग अब मेरठ की गलियों में सुलगने लगी है। सोमवार को मोहनपुरी क्षेत्र की महिलाओं के सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने न केवल मीटर का विरोध किया बल्कि अपने घरों में लगे स्मार्ट मीटर उखाड़कर उन्हें सीधे मोहनपुरी बिजलीघर में फेंक दिया। पार्षद उत्तम सैनी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने बिजलीघर का घेराव कर जमकर हंगामा किया और पुराने मीटर वापस लगाने की मांग पर अड़ी रहीं। दूसरी ओर अनाधिकृत रूप से सरकारी संपत्ति (मीटर) उखाड़ने के मामले को विद्युत विभाग ने गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
उखाड़कर फेंके मीटर।
- फोटो : अमर उजाला
मोहनपुरी की महिलाएं पिछले कई दिनों से स्मार्ट प्रीपेड मीटर का लगातार विरोध कर रही हैं। शुक्रवार को महिलाओं ने अधीक्षण अभियंता मोहम्मद अरशद सहित अन्य अधिकारियों को चूड़ियां भेंट की थीं। सोमवार को यह विरोध और उग्र हो गया। महिलाओं ने अपने घरों पर लगे स्मार्ट प्रीपेड मीटर उखाड़ दिए और इन उखाड़े गए मीटरों को लेकर बिजलीघर पहुंचीं और उन्हें परिसर में फेंककर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
गर्मी और बार-बार कटती बिजली से फूटा गुस्सा
हंगामा कर रही महिलाओं का कहना है कि स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगने के बाद से वे बेहद परेशान हैं। महिलाओं ने कहा कि मीटर में तकनीकी दिक्कत या बैलेंस खत्म होने के नाम पर आए दिन अचानक ही बिजली कट जाती है। तपती धूप और लू के बीच घरों में बच्चे व बुजुर्ग बिना बिजली के रहने को मजबूर हैं। महिलाओं का कहना है कि क्या गर्मी में मर जाएं, उन्हें यह स्मार्ट व्यवस्था नहीं चाहिए, वे अपने पुराने मीटर ही लगवाना चाहती हैं।
समाधान नहीं हुआ तो पूरी कॉलोनी के मीटर उखाड़ेंगे
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और विद्युत विभाग ने उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया और पुराने मीटर वापस नहीं लगाए तो मोहनपुरी के हर घर से स्मार्ट मीटर उखाड़ दिए जाएंगे। बिजलीघर के कर्मचारियों के अनुसार विरोध स्वरूप परिसर में कुल 15 मीटर फेंके गए हैं। हंगामा करने वालों में मुख्य रूप से रितु कुमारी, बबीता, बीना, विमला सैनी, ज्योति कश्यप, सोनम रानी, संगीता, पूजा रानी, मनोज गर्ग, अमीषा, गुड्डी आदि शामिल रहीं।
जांच के बाद होगी कानूनी कार्रवाई
मामले की गहनता से जांच की जा रही है। स्वयं मीटर उखाड़ना कानूनन अपराध है। यदि जांच के दौरान बिजली चोरी या मीटर के साथ छेड़छाड़ पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की टीम शीघ्र ही क्षेत्र का निरीक्षण करेगी। -सौरभ मंगला, अधिशासी अभियंता (वाणिज्य प्रथम)
मीटर उखाड़ना गैरकानूनी, शिकायत पर होगा समाधान
मुख्य अभियंता वितरण मेरठ प्रथम आरके मिश्र ने कहा कि विद्युत उपभोक्ताओं द्वारा स्वयं मीटर उखाड़ना गैरकानूनी है। मीटर को लेकर शासन स्तर पर निर्णय लिया जाना है। अगर स्मार्ट मीटर को लेकर कोई शिकायत है तो उसे विद्युत अधिकारियों के सामने उठाएं। उसका समाधान किया जाएगा।