भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष के अंग्रेजी शराब के ठेके पर देशी शराब की ब्रिकी की सूचना पर आबकारी इंस्पेक्टर ने छापा मारा। वहां से 54 पव्वे देशी शराब के मिले और सेल्समैन को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कराया। मामला यूपी के बागपत जनपद का है।
बड़ौत के बावली गांव में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष लोकेंद्र तोमर का अंग्रेजी शराब का ठेका है। आबकारी इंस्पेक्टर प्रेम सिंह को शिकायत मिली थी कि यहां पर देशी शराब की ब्रिकी की जा रही है। इस सूचना पर उन्होंने कोतवाली पुलिस को लेकर छापा मारा तो सेल्समैन गुलाब सिंह निवासी तुगाना देशी शराब बेचता मिला। इस दौरान 54 पव्वे देशी शराब बरामद की। इस संबंध में सेल्समैन के खिलाफ कोतवाली पर आबकारी अधिनियम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया और ठेका सीज कर दिया।
जिलाध्यक्ष लोकेंद्र तोमर का कहना है कि वे पार्टी के कार्य से बाहर थे। यहां पर देशी शराब ब्रिकी नहीं की जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि आबकारी इंस्पेक्टर उनसे अवैध वसूली करना चाह रहे थे, मगर उन्होंने इससे इंकार कर दिया। आरोप है कि देशी शराब के पव्वे वहां पर रखकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई है। वह आला अफसरों से शिकायत करेंगे।
इस मामले में आबकारी इंस्पेक्टर प्रेम सिंह का कहना है कि शराब के ठेकेदार लोकेंद्र तोमर का आरोप निराधार है। उन्हें बार-बार अंग्रेजी शराब के ठेके पर देशी शराब की ब्रिकी होने की सूचना मिल रही थी। शिकायत पर ही यह कार्रवाई की गई है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/