यूपी के चार जिलों को छोड़कर अब पूरे यूपी को कोरोना कर्फ्यू मुक्त कर दिया गया है। जिन जिलों में बंदिशें नहीं हटी हैं उनमें मेरठ और सहारनपुर भी शामिल हैं। यानी अभी इन दोनों जिलों को कोरोना कर्फ्यू से राहत नहीं हैं। वहीं मुजफ्फरनगर से कोरोना कर्फ्यू से मुक्त कर दिया गया है। अब सिर्फ लखनऊ, मेरठ, सहारनपुर और गोरखपुर में ही कोरोना कर्फ्यू लागू रहेगा। इसके साथ ही प्रदेश के 71 जिले कोरोना कर्फ्यू मुक्त हो गए।
यदि सब कुछ ऐसे ही चलता रहा तो जल्दी ही मेरठ को कोरोना कर्फ्यू से निजात मिल जाएगी। जिस तरह कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या घट रही है और एक्टिव केस कम हो रहे हैं। उससे उम्मीद की जा रही है कि अगले पांच से छह दिन में कोरोना कर्फ्यू से राहत मिल सकती है।
शासन के निर्देशानुसार जिन जनपदों में कोरोना एक्टिव केस की संख्या 600 से कम होगी, वहां पर कर्फ्यू से छूट देते हुए निर्धारित प्रतिबंधों के तहत बाजार व अन्य गतिविधियां संचालित की जाएंगी। मेरठ में वर्तमान में करीब 1394 एक्टिव केस हैं। यदि हम पिछले पांच दिन पर नजर डालें तो औसतन दो सौ मरीज रोजाना कम हो रहे हैं। 1394 मरीजों को देखते हुए अब मात्र 794 एक्टिव मरीज कम होने हैं।
शनिवार और रविवार का कर्फ्यू है, जबकि सोमवार को प्रशासन के निर्देश पर बाजार बंदी का दिन है। ऐसे में तीन दिन बाजार बंद रहेगा। इन तीन दिनों के भीतर ही उम्मीद है कि यह संख्या घटकर 600 के आसपास आ जाएगी। ऐसे में पूरी उम्मीद है कि बुधवार या गुरुवार से मेरठ में व्यापारिक गतिविधियां शुरू हो सकती हैं।
इस तरह घट रहे मरीज
31 मई को जिले में 2344 एक्टिव मरीज थे, जो एक जून को घटकर 1980 रह गए। दो जून को 1767 और 3 जून को इनकी संख्या 1597 हो गई। चार जून को एक्टिव मरीज 1394 रह गए। इससे साफ है कि नये मरीजों की संख्या में जहां तेजी से गिरावट आई है, तो एक्टिव मरीजों की संख्या भी उसी तेजी से कम हो रही है।
सख्ती से नियमों का पालन कराएंगे
जिस तरह से नए केस कम आ रहे हैं और मरीजों के ठीक होने की संख्या बढ़ रही है, उससे उम्मीद की जा सकती है कि अगले सप्ताह जिला कर्फ्यू मुक्त हो सकता है। लेकिन लोगों को पूरी सतर्कता बरतनी होगी। पुलिस और मजिस्ट्रेट बाजारों में निगरानी करेंगे। व्यापारियों को भी सामाजिक दूरी के नियम का पालन करने के लिए कहा जाएगा। - के. बालाजी, डीएम