हापुड़ से सिपाही संजय यादव को जेल भेजने के बाद दागी पुलिसकर्मियों में खलबली मच गई है। मेरठ से स्थानांतरित होने के बाद भी यहीं जमे कई पुलिसकर्मियों ने मेरठ से रिलीव करने के लिए अधिकारियों को प्रार्थना पत्र भी दे दिए हैं। इनमें कई पुलिसकर्मियों के सोतीगंज के कबाड़ियों से गहरे रिश्ते रहे हैं।
अमर उजाला ने पुलिसकर्मियों और सोतीगंज के कबाड़ियों की दोस्ती का खुलासा किया था। बाद में इस मामले को भाजपा सांसद राजेंद अग्रवाल ने भी संसद में भी उठाया था। अब सोतीगंज के कबाड़ियों से जुड़े दागी पुलिसकर्मियों का हापुड़ पुलिस रिकॉर्ड खंगाल रही है। बताया गया कि एसपी हापुड़ ने आईजी और एडीजी को दागी पुलिसकर्मियों के बारे में बताया है, जो मेरठ, हापुड़ समेत कई जिलों में तैनात है।
सूत्रों के मुताबिक, जेल भेजे सिपाही संजय यादव ने कई दागी पुलिसवालों के नाम बताए है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कबाड़ी नदीम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस वालों के नाम ही उजागर नहीं करेंगे, जांच के बाद उन पर कार्रवाई भी की जाएगी।