मेरठ में मंगतपुरम से पहले लालकुर्ती और भूसा मंडी में धर्मांतरण का प्रयास हुआ। किसी को भूमि, पक्के मकान का लालच तो किसी को नौकरी का प्रलोभन दिया गया। इस बात की पुष्टि मंगतपुरम में रहने वाले लोगों ने भाजपा नेताओं के सामने की। भाजपा, विहिप और अन्य हिंदू संगठनों से मिली जानकारी के अनुसार बीते 12 साल में शहर के नौ मोहल्लों में रहने वाले सैकड़ों लोग ईसाई धर्म अपना चुके हैं।
धर्म परिवर्तन कराए जाने के विरोध में शनिवार सुबह भाजपा नेता दीपक शर्मा और सचिन सिरोही के नेतृत्व में दर्जनों लोग मंगतपुरम पहुंचे। चैंपियन पुत्र दासनी ने बताया कि उसके पिता पहले लालकुर्ती टेलीफोन एक्सचेंज के पास रहते थे। वहां बस्ती में कुछ लोग नियमित आते थे और खाने पीने की चीजें देकर जाते थे। उन लोगों ने पिता को ईसाई धर्म का महत्व भी बताया। सेना द्वारा वहां से निकाले जाने के बाद वे लोग भूसा मंडी में रहने लगे। यहां भी कुछ लोगों ने ईसाई धर्म अपनाया।