मुजफ्फरनगर शहर के कंपनी बाग की भूमि पर स्थित उद्यान विभाग की दीवार गिराने की गाज नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विनयमणि त्रिपाठी पर गिर गई है। शासन को भेजी गई डीएम की रिपोर्ट के बाद ईओ को निलंबित कर दिया गया है। उन्हें निदेशालय में अटैच किया गया है। दीवार गिराने के मामले में जिला उद्यान अधिकारी ने ईओ सहित 60 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
सात अक्तूबर की नगर पालिका की बोर्ड बैठक में सभासद राजीव शर्मा, प्रवीण पीटर आदि ने कंपनी बाग की 46 बीघा भूमि पर उद्यान विभाग द्वारा अवैध कब्जा करते हुए दीवार बनाने का आरोप लगाया था। इस भूमि को मुक्त कराने का प्रस्ताव रखा गया था। सदन ने सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव पर मुहर लगा दी थी। इस बोर्ड बैठक में उसी दिन कंपनी बाग की भूमि से कब्जा हटवाने की तैयारी की गई और बोर्ड बैठक के तुरंत बाद ही ईओ विनयमणि त्रिपाठी पालिका के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों और सभासदों के साथ कंपनी बाग पहुंचे। उन्होंने उद्यान विभाग को बिना कोई पूर्व सूचना या नोटिस जारी किए ही जेसीबी से दीवार को तुड़वा डाला। इस मामले में उद्यान अधिकारी सतेंद्र पाल मान ने डीएम सेल्वा कुमारी जे से शिकायत की, तो उनकी स्वीकृति मिलने पर अगले दिन ईओ विनय त्रिपाठी और 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज करा दी गई।
इसके बाद ईओ विनयमणि त्रिपाठी द्वारा गुपचुप तरीके से उद्यान विभाग के कब्जे वाली भूमि की पैमाइश कराई गई, तो पालिका प्रशासन बैकफुट पर खड़ा नजर आया। इस पैमाइश में उद्यान विभाग के पास उसको आवंटित भूमि में से भी कम भूमि पाई गई थी।
यह भी पढ़ें: तस्वीरें: हादसा देख कांप गई लोगों की रूह, ऋषिकेश से घूमकर दिल्ली लौट रहे थे युवक-युवतियां
डीएम ने इस प्रकरण की जांच निकाय प्रभारी अधिकारी अजय कुमार अम्बष्ट को सौंपी थी। उन्होंने अपनी जांच रिपोर्ट डीएम को दी थी। डीएम ने ईओ के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट शासन को भेजी थी। शासन ने मंगलवार को विनयमणि त्रिपाठी को निलंबित कर दिया। इस आदेश की प्रतिलिपि डीएम ऑफिस को मिल गई। शासन ने एक प्रति विनयमणि त्रिपाठी को भी भेज दी है। त्रिपाठी को लखनऊ में निदेशालय में अटैच किया गया है। अब देखना यह है कि इस मामले में दर्ज एफआईआर में आगे क्या कार्रवाई होती है। ईओ के सस्पेंड होने की जानकारी मिलने पर पालिका में भी काफी हलचल नजर आई। गौरतलब है कि जिस प्रस्ताव के आधार पर बोर्ड बैठक में उद्यान विभाग की दीवार को तोड़कर कब्जा हटवाने की कार्रवाई की गई है, उस प्रस्ताव का बोर्ड बैठक की प्रोसेडिंग में कोई भी जिक्र नहीं किया गया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/