बिजनौर के धामपुर में रुपयों के लेनदेन को लेकर बृहस्पतिवार को सफाई कर्मियों के दो गुटों में पालिका के सफाई कक्ष के बाहर संघर्ष हो गया। इससे कई कर्मचारी घायल हो गए। इस दौरान किसी भी अधिकारी या कर्मचारी ने बीच-बचाव कराने का प्रयास नहीं किया। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दे दी गई है। कोतवाल क्राइम नरेश कुमार का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करेगी।
मोहल्ला पहाड़ी दरवाजा निवासी राजेंद्र सिंह ने बताया कि वह गांव जैतरा निवासी पालिका में सफाई नायक के पद पर कार्यरत राजेश पंवार के क्षेत्र में नौकरी करता है। राजेश पंवार ने उससे 30 हजार की नकदी ली थी, जो मांगने पर नहीं दे रहा है। बृहस्पतिवार को जब उसने पालिका में राजेश पंवार से रुपयों का तकादा किया तो राजेश पंवार ने अपने साथियों के साथ मिलकर उससे व उसके पुत्र तरुण से मारपीट की। बचाव में आए नीरज पर आरोपियों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उधर, राजेश पंवार ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि बृहस्पतिवार को राजेंद्र के पुत्र तरुण ने फोन पर उन्हें व उनके परिवार को देख लेने की धमकी दी। उन्होंने मामले से पालिका के ईओ मनोज कुमार रस्तोगी और पालिकाध्यक्ष राजू गुप्ता को कार्यालय में जाकर अवगत कराया। पालिकाध्यक्ष और ईओ ने सफाई विभाग के प्रभारी निरीक्षक चेतन सिंह को दूसरे पक्ष के लोगों को पालिका में बुलाकर वार्ता करने के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक चेतन सिंह ने राजेश पंवार पक्ष को पालिका में वार्ता के लिए बुला लिया। पालिका में आते ही आरोपियों ने कई लोगों के साथ मिलकर उनके व उनके परिवार के सदस्यों के ऊपर हमला कर दिया। हमले में कई लोग चोटिल हुए हैं। दोनों पक्षों की ओर से आधे घंटे तक गाली गलौच और मारपीट चलती रही। कई लोगों ने एक दूसरे पर ईंट-पत्थरों से प्रहार किया। पालिका में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा, लेकिन पालिका में किसी भी अधिकारी ने बीच बचाव करने का प्रयास नहीं किया।
यह भी पढ़ें: शर्मनाक! छह साल की मासूम के साथ दुष्कर्म, बच्ची की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती
पालिका के जेई सिविल नेपाल सिंह का कहना था कि यदि वे हस्तक्षेप करते तो उन्हें भी चोट आ सकती थी। पालिका के ईओ ने घटना के बारे में एसडीएम धीरेंद्र सिंह को अवगत कराकर विवाद को खत्म कराने का आग्रह किया है। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस में तहरीर दे दी गई है।
पालिका के प्रभारी सफाई निरीक्षक चेतन सिंह का कहना है कि सफाईकर्मी राजेंद्र सिंह ने 26 अगस्त तो प्रार्थना देकर सफाई नायक राजेश पंवार के क्षेत्र से ट्रांसफर कराने की मांग की थी, जिसे उसने 27 अगस्त को आकर मांग को निरस्त कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि है कि विवाद का कारण दोनों पक्षों में रुपये के लेनदेन का है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/