फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: 11 हजार अभ्यर्थियों ने दी पुलिस भर्ती परीक्षा, खुफिया विभाग के हत्थे चढ़ा एक नकलची

Thu, 25 Oct 2018 10:27 PM IST
यूपी डेस्क, अमर उजाला, सहारनपुर
विज्ञापन
यूपी पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

पुलिस आरक्षी भर्ती के लिए सहारनपुर के 26 परीक्षा केंद्रों पर हुई परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गई। पहले दिन हुई परीक्षा में 15144 परीक्षार्थियों में से 3676 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। कुछ अभ्यर्थियों के देर से पहुंचने के कारण परीक्षा से वंचित रहना पड़ा। परीक्षा के बाद पूरा शहर जाम हो गया। वहीं भर्ती परीक्षा में एक बार फिर साल्वर पकड़ा गया है। आरोपी युवक अपने भाई के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। एटीएस की सूचना पर खुफिया विभाग की टीम ने चिलकाना रोड स्थित लॉर्ड महावीरा कॉलेज से उसको पकड़ा। खुफिया विभाग की टीम और पुलिस पूछताछ करने में लगी है। शुक्रवार को होने वाली परीक्षा में कुछ और साल्वर के पकड़े जाने की आशंका है।

विज्ञापन


गुरुवार को अपराह्न तीन बजे से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए अभ्यर्थी दो बजे से पहले ही पहुंच गए थे। हालांकि दो घंटे पहले ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश शुरू करा दिया गया था, लेकिन तीन बजे से पूर्व तक परीक्षार्थी केंद्रों पर पहुंचते रहे। परीक्षा केंद्रों के गेट पर ही कड़ी तलाशी ली गई। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा कराई गई। प्रत्येक कक्ष में सीसीटीवी से परीक्षार्थियों पर नजर रखी गई। परीक्षा में 15144 अभ्यर्थियों का पंजीकरण था। जिसमें 3676 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। हालांकि इनमें से 50 से अधिक अभ्यर्थियों की परीक्षा देर से पहुंचने के चलते छूट गई। परीक्षा में 11468 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा के दौरान कोई भी अभ्यर्थी अनुचित सामग्री का प्रयोग करते हुए अथवा नकल करते हुए नहीं पकड़ा गया। 
 
शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई परीक्षा 
एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई है। परीक्षा में कोई भी परीक्षार्थी नकल करते हुए नहीं पकड़ा गया। कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा कराई गई है। 
विज्ञापन


पहले उतरवाया मंगलसूत्र फिर दिया परीक्षा केंद्र में प्रवेश 
परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देने के लिए पहुंचे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के बाहर ही कड़ी तलाशी देनी पड़ गई। तलाशी के दौरान पुरुष अभ्यर्थियों के पर्स, बेल्ट, हाथ का कड़ा, गले की चेन और अंगूठी को बाहर ही निकलवा दिया गया। वहीं महिला अभ्यर्थियों के गले की चेन, मंगलसूत्र, झुमका, कुंडल, नोज पिन, कड़े, पर्स, घड़ी यहां तक कि बालों से चिमटी तक निकलवा ली गई। पानी की बोतल, पेन किट तक बाहर रखवा दिया गया। सिर्फ दो पेन लेकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने दिया गया।

देरी से पहुंचने वालों को नहीं दिया प्रवेश 
परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थी निर्धारित समय से काफी देर बाद तक पहुंचते रहे। 50 से अधिक अभ्यर्थी तो तीन बजे के बाद परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे और काफी अनुनय विनय परीक्षा में बैठने के लिए की, लेकिन अधिकारियों ने किसी को भी परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया। यहां तक कि परीक्षा केंद्र का गेट आधा घंटे पहले ही बंद कर दिया गया था, लेकिन परीक्षा शुरू होने से कुछ देर पहले तक भी अभ्यर्थियों के भविष्य को देखते हुए कुछ स्थानों पर प्रवेश दिया गया, लेकिन तीन बजे से पांच मिनट पहले पूरी तरह से गेट बंद कर दिया गया।  

रीजनिंग में फंसे अभ्यर्थी
सहारनपुर के परीक्षा केंद्रों पर हुई परीक्षा में चार खंडों में प्रश्न पूछे गए। जिनमें सामान्य ज्ञान, रीजनिंग, अंकीय एवं हिंदी विषय के प्रश्न शामिल रहे। प्रश्नपत्र में कुल डेढ़ सौ प्रश्न पूछे गए थे। सामान्य ज्ञान एवं विषयक परीक्षा में तो अभ्यर्थियों ने प्रश्न हल कर लिए, लेकिन रीजनिंग में अभ्यर्थियों को परेशानी हो गई। काफी उलझे रहे। हालांकि परीक्षा केंद्र से बाहर निकलकर परीक्षार्थियों ने परीक्षा काफी अच्छी बताई।  
बुलंदशहर से आए विनय ने बताया कि उन्होंने सभी प्रश्नों के उत्तर दिए हैं। रीजनिंग में समय अधिक लगा, लेकिन पेपर काफी अच्छा गया है। मेरठ के आशु ने बताया कि प्रश्न काफी आसान थे, लेकिन मार्किंग कैसी होगी उस पर निर्भर है। उन्होंने कोई भी प्रश्न नहीं छोड़ा है। मुजफ्फरनगर से परीक्षा देने पहुंची रक्षा ने बताया कि बहुत अच्छा पेपर था। आसान भी था उन्हें किसी भी में कोई परेशानी नहीं हुई। कुछ उत्तरों पर संदेह है। लेकिन उन्हें इस परीक्षा में पास होने की पूरी उम्मीद है।
विज्ञापन

परीक्षा के बाद शहर हो गया जाम 
जैसे ही परीक्षा केंद्रों से परीक्षा खत्म हुई तो पूरा शहर जाम हो गया। परीक्षा केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों के कारण यातायात अव्यवस्थित रहा। यहां तक कि पुलिस अधिकारियों एवं यातायात कर्मियों को एक घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। परीक्षार्थियों को वाहनों में बैठाकर रवाना किया जाता रहा। 

शुक्रवार को दोनों पालियों में होगी परीक्षा 
एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने बताया कि शुक्रवार को दोनों पालियों में परीक्षा होगी। सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और अपराह्न 3 बजे से पांच बजे तक परीक्षा होगी।

शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें

https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें