फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी एमएलसी चुनाव: मेरठ में भाजपा के श्रीचंद शर्मा और दिनेश गोयल की शानदार जीत; जानिए दोनों के बारे में

Wed, 28 Oct 2026 01:26 PM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ

सार

यूपी एमएलसी चुनाव में मेरठ-सहारनपुर सीट पर भाजपा के श्रीचंद और स्नातक पर दिनेश गोयल ने जीत दर्ज की है। दोनों सीटों पर लगातार दूसरी बार कमल खिला है। पहले राउंड से ही बढ़त बनाए रखी थी। 13,241 वोटों से श्रीचंद ने जीत दर्ज की, दिनेश गोयल ने 12,856 मतों से शिकस्त दी।
विज्ञापन
UP MLC Elections - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मेरठ-सहारनपुर खंड शिक्षक और स्नातक एमएलसी सीटों पर मंगलवार को मतगणना हुई। मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार दोनों सीटों पर कब्जा जमा लिया है।
विज्ञापन


शुरुआती राउंड से ही भाजपा उम्मीदवारों ने जो बढ़त बनाई वह अंत तक कायम रही। जब भाजपा प्रत्याशी जीत के निर्धारित मतों के कोटे के करीब पहुंचे, तो सपा और पारंपरिक शिक्षक संगठनों के नेता मतगणना स्थल छोड़कर बाहर चले गए। जीत की घोषणा होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाना शुरू कर दिया।

शिक्षक सीट पर भाजपा के श्रीचंद शर्मा ने समाजवादी पार्टी (सपा) के डॉ. नितिन तोमर को 13,241 मतों के भारी अंतर से हराकर लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। श्रीचंद शर्मा को कुल 18,099 वोट मिले, जबकि डॉ. नितिन तोमर को महज 4,858 वोटों पर संतोष करना पड़ा।
विज्ञापन
Trending Videos

वहीं, स्नातक सीट पर भाजपा के दिनेश गोयल ने सपा के प्रमेंद्र सिंह भाटी एडवोकेट को 12,856 वोटों से पटखनी दी। दिनेश गोयल ने 24,929 वोट हासिल किए, जबकि प्रमेंद्र सिंह भाटी को 12,073 वोट मिले।

दिग्गजों ने दी बधाई, कहा- यह सुशासन पर अटूट विश्वास
मतगणना स्थल पर पहुंचे भाजपा एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज और कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने विजयी प्रत्याशियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी। विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व, सुशासन और क्षेत्र के प्रबुद्ध शिक्षकों व स्नातकों के अटूट विश्वास का प्रतीक है। एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज ने कहा कि यह जीत रात-दिन मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं के परिश्रम की बदौलत मिली है।

इस बड़ी जीत पर भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, क्षेत्रीय महामंत्री संजीव गोयल सिक्का, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर, डॉ. चरण सिंह लिसाड़ी, पंडित सुनील भराला, डॉ. राहुल त्यागी, अजय भारद्वाज, राकेश माहेश्वरी और रेनू जोगी आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी।
 

14 टेबल पर सुबह 7 बजे से खुली मतपेटियां
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मोदीपुरम के गांधी हॉल में निर्वाचन अधिकारी/मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी की देखरेख में सुबह 7 बजे से 14 टेबल पर एजेंटों की उपस्थिति में मतपेटियां खुलनी शुरू हुई थीं। बता दें कि इस बार शिक्षक सीट पर नौ जिलों के 54,125 मतदाताओं में से 31,214 वोटरों ने मतदान किया था। वहीं, स्नातक सीट पर 1,28,595 मतदाताओं में से 45,438 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।

श्रीचंद शर्मा ने तीन दशकों तक निभाई कई बड़ी जिम्मेदारियां
शिक्षक एमएलसी : श्रीचंद शर्मा

15 जून 1966 को गौतमबुद्धनगर के धूम मानिकपुर गांव में हुआ। ज्योतिष शास्त्र से स्नातक की उपाधि प्राप्त करने के बाद उन्होंने ''केशव माधव शिक्षण संस्थान'' की स्थापना की। वर्ष 1988 में वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक बने। इसके बाद 1996 में उन्हें विश्व हिंदू परिषद (विहिप) का जिला प्रमुख बनाया गया। वर्ष 1998 में वह सहकारिता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष बने और सन 2000 में आरएसएस के जिला प्रचार प्रमुख का दायित्व संभाला। 

 

वर्ष 2004 से 2007 तक वह भाजपा के गौतमबुद्धनगर के जिलाध्यक्ष रहे। इसके बाद 2013 से 2016 तक उन्होंने भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष का पद संभाला। वह भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य और राष्ट्रीय प्रशिक्षण प्रकल्प के प्रदेश संयोजक भी रहे। वर्ष 2019 में भाजपा ने उन्हें मेरठ-सहारनपुर शिक्षक सीट से एमएलसी प्रत्याशी घोषित किया। 2020 के शिक्षक एमएलसी चुनाव में जीत दर्ज की।

 

कई प्रमुख शिक्षण संस्थानों के चेयरमैन हैं गोयल
दिनेश गोयल का जन्म 1 जुलाई 1953 को मेरठ जिले के कुराली गांव में हुआ था। उन्होंने विज्ञान वर्ग से स्नातक (बीएससी) किया और वे पेशे से व्यवसायी हैं। वे प्रसिद्ध राजकुमार गोयल इंस्टीट्यूशंस ग्रुप समेत कई प्रमुख शिक्षण संस्थाओं के चेयरमैन हैं। इसके अलावा वे अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज के संस्थापक सदस्य और पुरामहादेव (बागपत) स्थित राजकुमार गोयल जूनियर हाईस्कूल के प्रबंधक भी हैं। 

 

गोयल सामाजिक कार्यों में भी बेहद सक्रिय हैं और वर्तमान में श्रीकृष्ण गोशाला गाजियाबाद के अध्यक्ष पद सहित कई धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं से प्रमुख रूप से जुड़े हुए हैं। वर्ष 2020 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उन्हें मेरठ-सहारनपुर खंड स्नातक सीट से अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया, जिसके बाद उन्होंने बड़े अंतर से जीत हासिल की।

शिक्षक सीट पर वोटों के आंकड़े
क्र. प्रत्याशी दल मिले वोट
1 श्रीचंद शर्मा भाजपा 18,099 (विजयी)
2 डॉ. नितिन तोमर सपा 4,858
3 सुशील चौधरी निर्दलीय 1,698
4 सुशील कुमार पुंडीर निर्दलीय 1,579
5 डॉ. कुलदीप मलिक निर्दलीय 1,320
6 हरकेश सिंह निर्दलीय 236
7 पंकज शर्मा निर्दलीय 243
8 स्वराज पाल दूहण निर्दलीय 168
9 बाकर हुसैन निर्दलीय 132
10 तनुज गंभीर निर्दलीय 72
— कुल वैध मत — 28,405
— अवैध मत — 2,809
— कुल मत — 31,214
विज्ञापन

स्नातक सीट पर वोटों के आंकड़े
क्र. प्रत्याशी दल मिले वोट
1 दिनेश गोयल भाजपा 24,929 (विजयी)
2 प्रमेंद्र सिंह भाटी सपा 12,073
3 राहुल कुशवाहा निर्दलीय 1,736
4 डॉ. अमित जैन निर्दलीय 977
5 दुष्यंत त्यागी निर्दलीय 607
6 विक्रांत वशिष्ठ निर्दलीय 454
7 विजय कुमार त्यागी निर्दलीय 401
8 सय्यद अकरम रजा निर्दलीय 285
— कुल वैध मत — 41,462
— अवैध मत — 3,976
— कुल मत — 45,438
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें