पास ही लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने पर भी जानकारी नहीं मिलने पर राजू ने मस्जिदों में बच्चे की गुमशुदगी के बारे में एलान कराया। बच्चे की काफी तलाश करने के बाद राजू ने एसएसपी और लिसाड़ी गेट थाने में अनहोनी की आशंका जताते गुमशुदगी की तहरीर दी थी।
वहीं बुधवार को तेज बारिश के दौरान फतेउल्लापुर रोड स्थित नाले में बारिश के दौरान खेल रहे बच्चों को एक बच्चे का शव दिखाई दिया। बच्चों के शोर मचाने के बाद आसपास के लोगों ने शव को नाले से निकालने के बाद बच्चे की पहचान कराने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंचे राजू ने बच्चे की पहचान अपने बेटे अयान के रूप में की।
मामले की जानकारी मिलने पर अयान की मां खुशनूद भी मौके पर पहुंच गई और बच्चे के शव को देख बिलख पड़ी। मासूम बेटे का शव देखकर खुशनूद ने रोते हुए कहा कि अब हमें मेरठ में नहीं रहना मेरठ के लोग अच्छे नहीं हैं कहीं और जाकर मजदूरी कर लेंगे।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चे के शव को मोर्चरी भेज दिया। वहीं आसपास के लोगों का कहना है कि नाला करीब 5 फुट गहरा है, ये भी हो सकता है कि बच्चा नाले में गिर गया हो और उसकी मौत हो गई हो। बुधवार को हुई बारिश के पानी से बच्चे का शव बहकर ऊपर आ गया। वहीं अयान का पिता हत्या की आशंका जता रहा है।
मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट राम अर्ज का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ हो जाएगी उसके बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।