इस संबंध में आईटीआई साकेत में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान सहायक निदेशक कौशल विकास मिशन लखनऊ और मेरठ मंडल के नोडल अधिकारी आशीष कुमार ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस रोजगार मेले में मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और अलीगढ़ मंडल के युवा मुख्य रूप से भाग लेंगे। हालांकि अन्य मंडलों के युवा भी यदि मेले में पहुंचते हैं तो उन्हें भी रोजगार के अवसर दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस मेले में स्वास्थ्य, फैशन डिजाइनिंग सहित कुल 21 सेक्टरों की लगभग 200 कंपनियां भाग लेंगी। इन कंपनियों द्वारा करीब 25 हजार रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। युवा अपने कौशल, डिग्री और डिप्लोमा के आधार पर इन पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे।
इस रोजगार मेले की अध्यक्षता केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी करेंगे। वहीं कार्यक्रम में प्रदेश के कौशल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मेले तक पहुंचाने के लिए शुक्रवार को आईटीआई साकेत में संयुक्त निदेशक मेरठ मंडल मनोज सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें रणनीति तैयार की गई और सभी आईटीआई प्रधानाचार्यों को युवाओं को मेले में लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले ऐसे रोजगार मेले लखनऊ, वाराणसी और झांसी मंडल में भी आयोजित किए जा चुके हैं।