थाने में हिरासत में ली गईं आरोपी मां-बेटी, जानकारी देती महिला कांस्टेबल
- फोटो : अमर उजाला
यहां थाने पर मां-बेटी ने हंगामा कर महिला सिपाही की वर्दी फाड़ दी। दोनों महिलाएं दरोगा से लेकर एसओ और सीओ सदर देहात से भी भिड़ गईं। बाद में महिला थाना पुलिस ने मां-बेटी को गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल, मामला उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर का है। गंगानगर एसओ दिनेश चंद के मुताबिक अम्हेड़ा गांव से सोमवार रात शराब पीकर झगड़ रहे दो युवकों मिंटू व नीटू को पकड़ा गया था जबकि तीसरा युवक कपिल भाग गया था। मंगलवार को दोनों का चालान कर दिया था। दोपहर को दोनों को कोर्ट भेजने के लिए ऑटो में बैठाया जा रहा था। तभी आरोपी नीटू की बहन सोनिया व मां दयावती थाने पहुंचीं और नीटू को छोड़ने की बात कही। एसओ ने बताया कि उनका चालान कर दिया है, जमानत कोर्ट से मिलेगी।
आरोप है कि इस पर मां-बेटी ने ऑटो की चाबी निकाल ली। सड़क पर हंगामा होने पर जाम की स्थिति बन गई। इस दौरान एसआई मनु सक्सेना व महिला सिपाही मां-बेटी को थाने के अंदर ले गईं। आरोप है कि चाबी मांगने पर युवती ने एसओ से बदसलूकी कर दी। बीचबचाव करने पर महिला सिपाही शिल्पी की वर्दी फाड़ दी। हाथापाई में महिला सिपाही रीना के हाथ में चोट लग गई।
पढ़ें : यूपी: महिलाओं ने किया पुलिस पर पथराव, CO की गाड़ी में तोड़फोड़, फोर्स तैनात