उत्तर प्रदेश के बिजनौर में सोमवार सुबह कोहरे के कारण बिजनौर नूरपूर मार्ग पर दो ट्रक आपस में भिड़ गए। इसके बाद दो कारें भी पीछे से ट्रक में जा घुसीं। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के कारण मार्ग पर काफी देर तक जाम लगा रहा।
जानकारी के अनुसार बिजनौर के हल्दौर थानाक्षेत्र में नूरपुर मार्ग पर गांव खासपुरा के भट्टे के नजदीक सुबह करीब आठ बजे दो ट्रकों की आमने सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। वहीं पीछे से आ रही दो कारें भी घने कोहरे के कारण ट्रक से जा टकराईं।
हादसे में दोनों कारों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बताया गया कि एक ट्रक का चालक दोनों ट्रक के बीच फंस गया। क्रेन की सहायता से ट्रकों को हटाकर चालक को निकालने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अन्य वाहनों को भी हटवाने में जुटी है।