गांव उमरपुर निवासी फूल सिंह का 26 साल का पुत्र गजेंद्र काशीपुर के एक रेस्टोरेंट में काम करता था। 15 सितंबर को गजेंद्र पास के ही एक गांव में शादी के लिए लड़की देखने गया था और शाम को गांव नवादा केशो में मेला देखन चला गया। इसके बाद से वह लापता हो गया था।
युवक के घर वापस न लौटने पर परिजनों ने समझा कि गजेंद्र काशीपुर चला गया है। इसी दौरान परिजनों ने अनहोनी की आशंका से रिश्तेदारों से उसकी जानकारी मांगी लेकिन कुछ सुराग नहीं मिला। मंगलवार को उसका शव गांव के जंगल में ईख के खेत में पड़ा मिला। उसके गले में शर्ट लिपटी हुई थी। खेतों में घूमने गए कुछ लोगों ने शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गजेंद्र के एक भाई और एक बहन है। उसके माता पिता का पहले ही देहांत हो चुका है। युवक का शव मिलने की सूचना पर लोगों की मौके पर भीड़ लग गई। एसओ अरिहंत सिद्धार्थ के मुताबिक गजेंद्र की गला घोंटकर हत्या हुई हैं। उसके गले में शर्ट का फंदा बनाकर डाला गया और उसे गला घोंटकर मारा गया।
घटना स्थल पर गन्ने के खेत में शव को खींचे जाने के निशान मिले हैं। कुछ दूरी पर देशी शराब के पव्वे और गिलास पड़े मिले। इससे जाहिर है कि हत्या से पहले शराब पी गई है। कई जगह युवकों के पांव के निशान हैं। हत्या से पहले गजेंद्र का कुछ युवकों के साथ पहले झगड़ा भी हुआ है। मौके पर खून के निशान भी मिले हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/