साहब (ऊपर) और मोबिन की फाइल फोटो। कार के उड़े परखच्चे।
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खरखौदा बाईपास पर मंगलवार को तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क की दूसरी तरफ पहुंच गई और सामने से आ रही इको कार से भिड़ गई। भीषण टक्कर में दोनों कारें सड़क पर पलट गईं। हादसे में इको कार सवार साहब (31), मोबीन (62) और इशरत (34) की मौत हो गई, जबकि इशरत के पांच और तीन वर्षीय बच्चे तथा उसका देवर घायल हो गए। स्विफ्ट डिजायर का चालक भी गंभीर रूप से घायल है। बताया गया कि चालक का हाथ कटकर अलग हाे गया।
हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि मोबीन के परिवार के लोग अपने भतीजे की शादी की पहली सालगिरह के बाद उसकी पत्नी को मायके से लेने हापुड़ के गांव कलौदा जा रहे थे। खुशियां लेकर लौटने की उम्मीद में निकले परिवार का सफर रास्ते में ही मातम में बदल गया।
डिवाइडर से टकराकर दूसरी कार से भिड़ी स्विफ्ट डिजायर
मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खरखौदा बाईपास पर मंगलवार को दोनों कारों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत के बाद चीख-पुकार मच गई। घटनाक्रम के अनुसार, स्विफ्ट डिजायर कार पहले अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई। इसके बाद कार सड़क की दूसरी ओर पहुंचकर इको कार से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पलटकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद हाईवे पर अफरातफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
दुर्घटना में इको कार सवार तीन लोगों की जान चली गई। मृतकों में साहब पुत्र तरीकत, मोबीन पुत्र शरीफ और इशरत पुत्री मुस्तफा शामिल हैं। हादसे में इशरत के पांच और तीन वर्षीय बच्चे तथा उसका देवर घायल हो गए। वहीं, स्विफ्ट डिजायर का चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर कब्जे में लिया गया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया।
भतीजे की शादी की पहली सालगिरह पर लेने जा रहे थे दुल्हन
मोबीन के परिजनों के अनुसार, उनके भतीजे जीशान पुत्र मुस्तफा की शादी करीब एक वर्ष पहले हापुड़ जिले के गांव कलौदा में हुई थी। मंगलवार को परिवार के लोग शादी के एक वर्ष बाद जीशान की पत्नी को लेने के लिए जा रहे थे। परिवार को उम्मीद थी कि बहू को घर लाने के बाद घर में खुशियां लौटेंगी और सभी लोग साथ समय बिताएंगे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
हाईवे पर मची अफरातफरी
भीषण दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। दोनों कारों के पलटने से घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। इसके बाद सड़क पर पलटे दोनों वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी पहुंचाए। हादसे की खबर मिलने के बाद मृतकों के परिवारों में शोक छा गया।
ये भी देखें...
यूपी: बागपत में दो बहनों को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत; भंडारे का प्रसाद खाकर लौट रही थीं नबिया और अलीना