फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: संयुक्त व्यापार संघ हटा पीछे, व्यापारी बोले- दो सितंबर को हर कीमत पर होगा मेरठ बंद, किसान-वकील भी साथ

Fri, 28 Aug 2026 11:25 AM IST
Mohd Mustakim अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ

सार

Meerut News: लखनऊ से आए अपर आवास आयुक्त के साथ व्यापारियों की बैठक हुई। अधिकारियों ने बंद न करने को कहा, लेकिन व्यापारियों ने कहा कि आप सरकार से राहत दिला दो, बंद नहीं किया जाएगा। वहीं संयुक्त व्यापार संघ का कहना है कि बंद जरूरी नहीं है। 
विज्ञापन
बंद को लेकर सर्किट हाउस में बैठक करते व्यापारी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ध्वस्तीकरण के खिलाफ दो सितंबर को मेरठ बंद को लेकर व्यापारी टस से मस होने को तैयार नहीं हैं। लखनऊ से आए अपर आवास आयुक्त ने भी व्यापारियों को बंद टालने के लिए खूब मनाया, लेकिन उन्होंने साफ इंकार कर दिया। व्यापारियों ने कहा कि किसी भी सूरत में अब बंद नहीं टलेगा। यह भी कहा कि अगर सरकार ठोस नीति का लिखित मसौदा देकर घोषणा कर दे तो बंद नहीं किया जाएगा।
विज्ञापन

 

मेरठ व्यापार बचाओ संयुक्त आंदोलन समिति की सर्किट हाउस में बैठक हुई। लखनऊ से आए उप्र आवास एवं विकास परिषद में अपर आवास आयुक्त एवं सचिव नीरज शुक्ला, जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह, उप आवास आयुक्त अनिल कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता राहुल यादव समेत कई अधिकारियों ने शिरकत की। अधिकारियों ने व्यापारियों को बंद टालने के लिए समझाया। कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए यह भी कहा कि असामाजिक तत्व इस बंद में घुसकर दिक्कत बढ़ा सकते हैं। कुछ व्यापारी इस पर उखड़ गए उन्होंने कहा कि लगातार तीन दिन से अधिकारी उन पर बंद टालने का दबाव बना रहे हैं। अगर वे सरकार से उनके लिए राहत का पैगाम ले आएं तो ऐसा (मेरठ बंद) होगा ही नहीं।
 

समिति के अध्यक्ष रविंद्र गुर्जर ने कहा कि सरकार पहले व्यापारियों और आवासीय लोगों को राहत दे तथा नई नीति जल्द लागू करे। उन्होंने कहा कि ठोस समाधान सामने आने के बाद ही 2 सितंबर को प्रस्तावित बंद को लेकर कोई निर्णय लिया जाएगा। बैठक में अधिकारियों की ओर से आंदोलन रोकने का आग्रह किया गया, लेकिन समिति ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई रुकने और राहत मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुदीप जैन ने बताया कि आंदोलन के समर्थन में सुबह से शाम तक विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क किया गया।
 

बार एसोसिएशन और कई संगठन समर्थन में उतरे
बृहस्पतिवार को व्यापारियों ने जनसंपर्क अभियान चलाया। बार एसोसिएशन, हापुड़ रोड व्यापार संघ, रेलवे रोड जैन स्थानक सहित कई स्थानों पर पहुंचकर व्यापारियों और आम लोगों को जागरूक किया। व्यापारियों ने कहा कि उनकी लड़ाई केवल व्यापारी और आवासीय लोगों के न्याय के लिए है। हमारा उद्देश्य देश हित में हैं। प्रदेश सरकार को गरीबों को बचाने के लिए सिर्फ एक आदेश पारित करता है। 

आंदोलन के समर्थन में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रविंद्र सिंह, महामंत्री प्रशांत गुप्ता, मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुज शर्मा, महामंत्री परवेज आलम और पूर्व महामंत्री रविंद्र राणा से मेरठ व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष शैंकी वर्मा, जीतू नागपाल, रविंद्र गुर्जर, नितेश पंवार, अंजनेय सिंह एडवोकेट और राहुल मलिक एडवोकेट आदि ने मुलाकात की। 
अधिवक्ताओं ने आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने और 2 सितंबर को बड़ी संख्या में पहुंचने की बात कही। उधर, माधवपुरम में सभा को संबोधित करते हुए सुदीप जैन ने कहा कि सभी को एकजुट होकर अपने घर, परिवार तथा व्यापार को बचाने के लिए अपनी बात रखनी होगी।
 

किसान मिलकर लड़ेंगे व्यापारियों की लड़ाई
भारतीय किसान यूनियन धन सिंह कोतवाल के प्रदेश अध्यक्ष नितेश पंवार ने कहा कि यदि व्यापारियों और किसानों की रोजी-रोटी पर संकट आया तो संगठन उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि व्यापारियों पर होने वाली कार्रवाई रुक जाती है तो आंदोलन खत्म किया जा सकता है, लेकिन कार्रवाई नहीं रुकी तो व्यापारी और किसान मिलकर बड़ा आंदोलन करेंगे। 2 सितंबर को मेरठ बंद के साथ आवास विकास कार्यालय, शास्त्रीनगर के घेराव की तैयारी की गई है।
हापुड़ रोड पर भी जनसंपर्क अभियान चलाया गया। हाजी शाहबुद्दीन, मोहम्मद इरफान, सलीम, हाजी लियाकत, असलम और दिलनवाज सहित व्यापारियों ने बंद का समर्थन किया और अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में पहुंचने की अपील की। जैन नगर, सराफा बाजार और माधवपुरम में भी व्यापारियों एवं आम लोगों से संपर्क किया गया।
 
विज्ञापन

संयुक्त व्यापार संघ बंद से हटने लगा पीछे
अभी तक संयुक्त व्यापार संघ के दोनों गुट मेरठ बंद समर्थन में थे। बृहस्पतिवार को हुई बैठक के बाद दोनों गुट असमंजस में पड़ गए। संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता और अजय गुप्ता ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि अपर आयुक्त आवास, जिला प्रशासन और सरकार की ओर से हर स्तर पर व्यापारियों की मदद का आश्वासन दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने भी व्यापारी और आवासीय लोगों की पैरवी करने की बात कही है। ऐसे में 2 सितंबर का बंद जरूरी नहीं है। संयुक्त व्यापार संघ के महामंत्री दलजीत सिंह ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि दीपावली तक शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट, जागृति विहार और माधवपुरम के लोगों को न्याय मिलेगा और वे दोगुने उत्साह के साथ दीपावली मनाएंगे। आंदोलन समिति की ओर से आशु खरबंदा, विपिन भड़ाना, तरुण गोयल, सुदीप जैन, सुनील भाटी, कवलजीत सिंह, नितिन भड़ाना, राहुल मलिक, नीरज गुर्जर, अंकित पहलवान, अभिषेक कुमार, अंकुश डागर, आदि शर्मा और धनराज आदि मौजूद रहे।

ये भी देखें...
मेरठ: पिटाई प्रकरण में एसओजी के कई पुलिसकर्मी जांच के घेरे में, दिग्विजय भाटी से कराई जाएगी पहचान
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें