परतापुर थाना क्षेत्र के रिठानी के पॉश इलाके में चोरों ने बाइक शोरूम के मैनेजर अशोक सैनी के मकान का ताला तोड़कर साढ़े चार लाख की नकदी व 12 लाख रुपये के सोने चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
मैनेजर से जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
रिठानी के घोपला रोड निवासी अशोक सैनी बाइक शोरूम में स्पेयर पार्ट्स सेक्शन के मैनेजर हैं। मंगलवार शाम अशोक अपने साले पंकज की शादी में शामिल होने के लिए पत्नी कविता, बेटी केसर, गुड़िया और बेटे दिव्यम के साथ फाजलपुर गए थे।
अशोक सैनी ने बताया कि बुधवार देर रात चोर मकान के मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और दूसरी मंजिल पर सेफ के लॉकर में रखे साढ़े चार लाख रुपये, 3 मंगलसूत्र, सोने की 4 अंगूठी, 8 जोड़ी पाजेब, 2 लाकेट, सोने की एक चूड़ी, 5 झुमके, मांग का टीका, तगड़ी और चांदी की 2 अंगूठी सहित 16.5 लाख रुपये का माल चोरी कर ले गए।
बृहस्पतिवार सुबह अशोक के चाचा विजय सैनी ने मकान का ताला टूटा देखा, तो चोरी का पता चला। सूचना पर एएसपी अंतरिक्ष जैन फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने दरवाजों और अलमारी से फिंगर प्रिंट के नमूने लिए।