Meerut News: गाजियाबाद के शीर्ष अधिकारियों की अनुमति के बाद मेरठ, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर की टीमों ने मंगलवार को संयुक्त रूप से कार्रवाई की। बताया गया कि टीडीएस को लेकर बिल्डर अतुल गुप्ता के कार्यालय पर छापा मारा गया है।
मेरठ शहर के टॉप-10 बिल्डरों में शुमार अतुल गुप्ता के दिल्ली रोड स्थित मेरठ मॉल कार्यालय पर मंगलवार को आयकर विभाग की टीम ने टीडीएस को लेकर छापा मारा। लखनऊ और गाजियाबाद के शीर्ष अधिकारियों की अनुमति के बाद मेरठ, गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर की आयकर टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। आयकर विभाग की टीम ने पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय ढंग से की। टीम ने कार्यालय पहुंचकर टीडीएस से संबंधित विभिन्न जानकारियां जुटाने के साथ जरूरी दस्तावेज और रिकॉर्ड खंगाले।
विज्ञापन
Trending Videos
आयकर विभाग की टीम के मेरठ मॉल पहुंचने के करीब दो घंटे बाद शाम चार बजे पूरे शहर के बिल्डरों और उद्यमी लॉबी में मामले की सूचना फैल गई। इसके बाद बिल्डर और उद्यमी वर्ग में सर्वे को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। टीम ने गोपनीय तरीके से अलग-अलग जानकारियां जुटाईं और संबंधित रिकॉर्ड की पड़ताल की। विभागीय टीम ने करीब तीन से चार घंटे में सर्वे से संबंधित महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए। कार्रवाई का नेतृत्व आईटीओ अमरिश कुमार कौशिक ने किया।
बिल्डर अतुल गुप्ता का कार्यालय दिल्ली रोड स्थित मेरठ मॉल में है। उनका निवास माल रोड पर पूर्व विधायक संगीत सोम की कोठी के पास बताया गया है। जानकारी के अनुसार, अतुल गुप्ता तीन दिन के लिए मेरठ से बाहर हैं। उनके पार्टनर डिफेंस कॉलोनी में रहते हैं।
आयकर विभाग की टीम ने कार्यालय में उपलब्ध रिकॉर्ड और अन्य संबंधित जानकारियों के आधार पर अपनी कार्रवाई की। आयकर विभाग के अधिकारियों ने नाम न बताते हुए कहा कि विभाग पूरे दस्तावेज जुटाकर कार्यवाही करता है। तथ्यों के आधार पर जानकारी मिलने पर मुकदमे भी होंगे। कुछ अनुचित भी मिला है। नियम अनुसार प्रक्रिया का पालन किया गया है।
साउथ सिटी और नॉर्थ सिटी बड़े प्रॉजेक्ट
अतुल गुप्ता का इस समय सबसे बड़ा प्रोजेक्ट साउथ सिटी और नॉर्थ सिटी बताया जा रहा है। साउथ सिटी वेदव्यासपुरी में स्थित है। नॉर्थ सिटी गढ़ रोड पर है। दोनों ही प्रोजेक्ट मेरठ में उनके प्रमुख प्रोजेक्ट में शामिल हैं। इनके अलावा भी अतुल गुप्ता के मेरठ में कई बड़े प्रोजेक्ट हैं।
शहर के बड़े प्रोजेक्ट में मेरठ मॉल
बागपत रोड का प्रोजेक्ट, कंकरखेड़ा बाईपास पर बेस्ट प्राइस के बराबर में स्थित कॉलोनी, किला रोड पर प्रोजेक्ट, मंगल पांडे नगर में कमर्शियल प्रोजेक्ट और मेरठ मॉल प्रमुख हैं। इसके अलावा शहर में अतुल गुप्ता के सैकड़ों अन्य प्रोजेक्ट भी बताए जाते हैं। शहर के बड़े बिल्डरों में उनकी गिनती होने के कारण आयकर विभाग के सर्वे की जानकारी सामने आते ही बिल्डर और उद्यमी वर्ग में हलचल मच गई।