लोहियानगर में दूध व मावा व्यापारी दीपक को गोली मार दी गई। इसके बाद हमलावर प्रदीप जाट उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दीपक को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनके पेट का ऑपरेशन किया गया। दीपक की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, खरखौदा थाना क्षेत्र के खड़खड़ी गांव निवासी दीपक दूध और मावे का व्यवसाय करते हैं। दो दिन पूर्व उनकी आरोपी प्रदीप जाट से किसी बात को लेकर फोन पर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद प्रदीप ने दीपक को अंजाम भुगतने की धमकी दी थी।
बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे दीपक अपनी कार से हापुड़ रोड पर दूध लेने के लिए जा रहे थे। अलीपुर चौराहे के पास, आरोपी प्रदीप ने दीपक की कार को ओवरटेक कर रोका। दीपक द्वारा विरोध किए जाने पर दोनों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। इसी बीच प्रदीप ने दीपक पर गोली चला दी, जो सीधे उनके पेट में जा लगी। गोली मारने के बाद प्रदीप मौके से भाग गया।
घटना के बाद, राहगीरों ने घायल दीपक को देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल दीपक को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी। दीपक के परिजनों द्वारा तहरीर दिए जाने के बाद पुलिस ने प्रदीप जाट के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर लिया।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी प्रदीप जाट को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है और पूछताछ पूरी होने के बाद उसे जेल भेजा जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।