मवाना के मोहल्ला काबली गेट स्थित वाल्मीकि गली में एक मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आग की लपटों के बीच फंसे एक युवक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस को मंगलवार तड़के करीब 3:22 बजे आग लगने की सूचना मिली। फायर स्टेशन मवाना से अग्निशमन दल की गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं। मकान के प्रथम तल पर आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। स्थानीय लोगों ने दमकल टीम को बताया कि मकान के अंदर एक व्यक्ति फंसा हुआ है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मवाना फायर स्टेशन से अतिरिक्त फायर टेंडर बुलवाया गया। साथ ही, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी मवाना और मुख्य अग्निशमन अधिकारी मेरठ भी मौके पर पहुंचे। पुलिस और दमकलकर्मियों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और आग में फंसे युवक को बाहर निकाला। उसे एंबुलेंस के जरिए नजदीकी चिकित्सा केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान आशु (30) पुत्र सुदेश निवासी मवाना के रूप में हुई है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मेरठ के निर्देशन में दो फायर टेंडरों की मदद से आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि पारिवारिक विवाद के चलते आशु ने अत्यधिक शराब के नशे में खुद ही मकान में आग लगा ली थी। इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ये भी देखें...
मेरठ: आज 36 स्थानों पर होगा रावण दहन, यहां बनाया गया है सबसे ऊंचा पुतला; एक हजार पुलिसकर्मी तैनात