Baghpat News: जिले में किसान विजय सिंह खेत पर काम कर रहे थे, तभी एक सांड ने आकर टक्कर मार दी। इसके बाद कई बाद उठाकर पटका। मेरठ के अस्पताल में उनकी मौत हो गई। वहीं सांड अभी तक खुला घूम रहा है, जिसे पकड़वाने की मांग लोग कर रहे हैं।
बालैनी स्थित नवादा गांव के जंगल में बृहस्पतिवार को सांड़ के हमले से घायल किसान विजय सिंह (70) की मेरठ के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार को मौत हो गई। उधर, अभी तक किसान को टक्कर मारने वाला सांड़ पकड़ा नहीं गया, जिससे लोगों में आक्रोश बना हुआ है। लोगों ने अफसरों से सांड़ को पकड़वाने की मांग की है।
विज्ञापन
नवादा गांव निवासी ललित कुमार ने बताया कि उनके बुजुर्ग चाचा विजय सिंह बृहस्पतिवार को खेत में काम करने गए थे। इस दौरान एक सांड़ खेत में आ गया और चाचा को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही विजय सिंह दूर जाकर गिरे। इसके बाद भी सांड़ ने उनको कई बार उठाकर पटका। उनके शोर मचाने पर आसपास के खेत में काम करने वाले किसान दौड़कर आए और सांड़ को भगाया।
इसके बाद घायल किसान विजय सिंह का मेरठ के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था, जहां मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई। किसान की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। किसान के परिवार में बेटा सिद्धार्थ है, जो डेयरी संचालित करते हैं।
सड़क से लेकर खेतों तक गोवंशों का आतंक, लोगों की जान ले रहे
बागपत जिले में दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे से लेकर अन्य सड़कों पर जगह-जगह गोवंश बैठे रहते हैं, जो कई लोगों की जान ले चुके हैं। इसके अलावा खेतों में काम करते हुए लोगों को टक्कर मारकर मौत के घाट उतार चुके हैं। किसान लगातार गोवंशों को पकड़वाने की मांग उठा रहे हैं, लेकिन अभी तक पकड़े नहीं गए।
केस नंबर एक : खेकड़ा के बिजली मैकेनिक की गोवंश से टकराकर हुई मौत
दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर तहसील के समीप सितंबर में गोवंश से बिजली मैकेनिक लक्की (24) की बाइक टकरा गई। हादसे में लक्की के पेट में गोवंश का सींग घुसने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार वालों ने लक्की का दिल्ली के अस्पताल में उपचार कराया, जहां उसकी मौत हो गई।
केस नंबर दो : बागपत के खेकड़ा में गोवंश की टक्कर से नेत्रहीन की मौत
खेकड़ा कस्बे में मोहल्ला मुंडाला निवासी दृष्टिहीन राकेश तीन महीने पहले बाजार में जा रहा था, तभी सांड़ ने राकेश को टक्कर मार दी और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। इसके बाद सांड़ ने एक घोड़ी को भी मार डाला और कई लोगों को घायल भी किया।
केस नंबर तीन : नेशनल हाईवे पर दूधिया की गोवंश से टकराकर हुई मौत
अगस्त में दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर बड़ौत में गोवंश से बाइक टकराने पर दूधिया मुन्ना (55) निवासी बावली सड़क पर गिर गए। इस हादसे में दूधिया मुन्ना की मौत हो गई। दूधिया के परिवार वालों ने अफसरों पर गोवंशों को पकड़ने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था।
केस नंबर चार : गोवंश के पटकने से जागोस गांव के विकास की हुई मौत
वर्ष 2024 में जागोस गांव निवासी किसान विकास शर्मा (42) खेत में काम कर रहे थे, तभी वहां आए सांड़ ने किसान को उठाकर पटक दिया। आसपास खेत में काम कर रहे किसानों ने किसी तरह से सांड़ को भगाया। इसके बाद उपचार के दौरान विकास शर्मा की मौत हो गई।
ये बोले अधिकारी
किसान को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। टीम को भेजकर सांड़ को पकड़वाकर गोशाला भेजा जाएगा। इसके अलावा अन्य गोवंशों को भी पकड़वाया जाएगा। -राहुल वर्मा, जिला विकास अधिकारी