रिटायर्ड इंजीनियर से चोरी की जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
थाना मेडिकल क्षेत्र के शास्त्रीनगर में चोरों ने सिंचाई विभाग से रिटायर्ड इंजीनियर बालकृष्ण गोयल के बंद मकान को निशाना बनाया। चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब पीड़ित इंजीनियर अपने दामाद सुधीर गुप्ता की हत्या के बाद शोकाकुल बेटी को संभालने नोएडा गए हुए थे।
रिटायर्ड इंजीनियर बालकृष्ण गोयल ने बताया कि उनके दामाद सुधीर गुप्ता एचपीसीएल बदायूं में परियोजना प्रबंधक के पद पर तैनात थे। 12 मार्च को आरोपी अजय प्रताप सिंह ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी। इसकी सूचना मिलने के बाद बालकृष्ण गोयल तुरंत अपने घर पर ताला लगाकर अपनी बेटी के पास नोएडा चले गए थे। पिछले एक सप्ताह से वह बेटी को ढांढस बंधाने के लिए वहीं मौजूद थे।
सोमवार को जब रिटायर्ड इंजीनियर नोएडा से अपने शास्त्रीनगर स्थित आवास पर वापस लौटे तो घर के मुख्य अंदरूनी दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। कमरे के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी को तोड़कर उसमें रखी सोने और हीरे की अंगूठियां, एक सोने की चेन और 30 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली थी। मंगलवार को उन्होंने पुलिस को बुलाकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पूर्व राज्य मंत्री के घर के पास हुई वारदात
हैरानी की बात यह है कि जिस मकान में चोरी हुई वह पूर्व राज्य मंत्री कुलदीप उज्ज्वल के आवास से महज चंद कदमों की दूरी पर स्थित है। हाई-प्रोफाइल क्षेत्र होने के बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर इस वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। इतने सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में चोरी की इस घटना से स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जब पूर्व राज्य मंत्री के पड़ोस में ही लोग सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता का क्या होगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश में जुट गई है।
ये भी देखें...
UP: सात बच्चों को छोड़ प्रेमी संग गई पत्नी, सदमे में पति की मौत, गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक किया गया शव