महिला की हत्या के मामले में फरार चल रहे 10 हजार के इनामी बदमाश को झिंझाना थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
झिंझाना थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि कैराना क्षेत्र के गांव अकबरपुर सुनहेटी में दिसंबर 2017 में महिला शमीना की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात में गांव रामड़ा निवासी शहजाद और फरमान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। तब से आरोपी फरार चल रहे हैं, जिसके चलते इन दोनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित हुआ था। सोमवार सुबह उपनिरीक्षक अनिल पवार ने टीम के साथ मंसूरा तिराहे के पास चेकिंग के दौरान आरोपी शहजाद को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट कैराना कोतवाली में दर्ज हुई थी, बाद में इसकी विवेचना झिंझाना थाना पुलिस को मिली।
उन्होंने बताया कि दूसरे आरोपी फरमान को भी जल्दी ही गिरफ्तार किया जाएगा। गिरफ्तार आरोपी शहजाद को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया है। उधर, थाना झिंझाना पुलिस ने सोमवार सुबह मंसूरा रोड पर गश्त के दौरान गांव टपराना निवासी आजम को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दो किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी आजम पूर्व में भी कई बार नशीले पदार्थ की बिक्री के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
व्यापारी से लूट करने वाला बदमाश गिरफ्तार
डेढ़ माह पूर्व कस्बा झिंझाना में व्यापारी से नकदी लूटने के मामले में फरार चल रहे एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो बदमाशों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। झिंझाना थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि व्यापारी सुरेंद्र मित्तल से हुई लूट के मामले में जोनी उर्फ जुनैद और राशिद निवासी खुरगान को पूर्व में गिरफ्तार किया गया था। वहीं, इनका साथी जावेद निवासी खुरगान फरार चल रहा था। सोमवार सुबह जावेद को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद न्यायालय में पेश करके उसे जेल भेज दिया।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/