बंद रहेगी नगीना, नजीबाबाद और मेरठ रोड
बिजनौर शहर में नगीना रोड पर रेलवे फाटक से चक्कर चौराहे तक वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। नजीबाबाद रोड पर भी शक्ति चौराहे से सेंट मेरी चौराहे तक वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। मेरठ रोड पर भी नुमाइश ग्राउंड चौराहे से मित्तल पेट्रोल पंप तक वाहनों के आने जाने पर रोक रहेगी। यहां से सिर्फ पोलिंग पार्टियों के वाहन ही आ जा सकेंगे।
14 फरवरी की शाम बंद रहेगी चक्कर रोड
14 फरवरी की शाम मतदान खत्म होने के बाद चक्कर रोड पर वाहनों की एंट्री बंद कर दी जाएगी। चक्कर रोड को सिर्फ पोलिंग पार्टियों के वाहनों के लिए ही रिजर्व रखा जाएगा। शाम सात बजे से पोलिंग पार्टियों के वाहनों के अलावा अन्य किसी वाहन को चक्कर रोड से नहीं निकाला जाएगा। बता दें कि पोलिंग पार्टी नजीबाबाद रोड पर ईवीएम जमा करेंगी। ऐसे में जाम से बचने के लिए ऐसा किया गया है।
कल नजीबाबाद रोड भी होगी डायवर्ट
मतदान के दिन नजीबाबाद की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। नजीबाबाद से बिजनौर आने वाले वाहन वाया मंडावर होकर आएंगे। इन्हें किरतपुर से भी डायवर्ट किया जाएगा। वहीं अगर कोई वाहन आता है तो पेदा के पास से उन्हें मंडावर रोड की तरफ भेज दिया जाएगा।