मोहल्ला जाब्तागंज निवासी दिव्यांग सफाईकर्मी नवीन रोजाना की तरह क्षेत्र में सफाई कर रहा था। पुलिस चौकी के निकट रविवार सुबह तकरीबन सवा पांच बजे एक अज्ञात शख्स ने सफाईकर्मी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घायल युवक ने चीख पुकार मचाई। लेकिन हमलावर सुनसान जगह का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सफाईकर्मी को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत के चलते मेरठ रेफर कर दिया।
मोहल्ला मकबरा, जाब्तागंज, रम्पुरा और जलालाबाद के सफाई कर्मचारियों ने घटना के विरोध में मालगोदाम तिराहे पहुंचकर हाइवे का यातायात जाम कर दिया। सूचना मिलते ही सीओ अरूण कुमार सिंह, थाना प्रभारी डीएस धामा, एसडीएम डॉ.पंकज कुमार वर्मा ने हमलावर को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। बाल्मिकी समाज ने चेयरमैन पति पर घटना को गंभीरता से न लेने और हमलावर की गिरफ्तारी तक जाम खोलने से इंकार कर दिया।
एसपी सिटी दिनेश कुमार और एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़ ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और जाम खुलवाया। लेकिन दो घंटे बाद बाल्मिकी समाज ने फिर से जाम लगा दिया। कार्यवाहक डीआईजी जे रविंदर ने एसपी सिटी दिनेश कुमार, एडीएम विनोद कुमार, एसडीएम डॉ.पंकज वर्मा,सीओ अरूण कुमार सिंह की उपस्थिति में 24 घंटे में खुलासा करने का अश्वासन दिया। जिसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए।
पुलिस बल तैनात
बाल्मिकी समाज के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए आसपास के कई थानों फोर्स नजीबाबाद में तैनात की गई। नगर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा। सीओ अरूण कुमार सिंह, थाना प्रभारी डीएस धामा ने बताया कि ऐतिहात के तौर पर नगर में पुलिस गश्त जारी रहेगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/