रामवीर शौकीन का भांजा है नीरज बवाना
शातिर अपराधी नीरज बवाना बागपत पुलिस के हाथों से भागे पूर्व विधायक रामवीर शौकीन का भांजा है। भूरा फरारी केस में बवाना पर मुकदमा दर्ज हुआ था। रामवीर शौकीन की फरारी में भी पुलिस बवाना की भूमिका की जांच कर रही है।
किसी को शक नहीं, जेल में चलते हैं मोबाइल
पुलिस की जांच और कई बार छापेमारी में सामने आ चुका है कि जेल में मोबाइल चलते हैं। बागपत जेल में मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद से सबसे पहले जिला कारागार से ही सोशल मीडिया पर बजरंगी का फोटो वायरल किया, इससे जाहिर है कि जेल में भी मोबाइल चल रहे हैं। इसके अलावा कई बार मोबाइल बरामद हो चुके हैं।
शातिरों का गैंग तो नहीं चला रहा फेसबुक
सवाल है कि अपराधी खुद जेल में सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं या फिर इनके गैंग के सदस्य जेल से बाहर उनके नाम पर फेसबुक चला रहे हैं। असली एकाउंट कौन सा है और इस पर लिखी पोस्ट का मतलब शातिरों का गैंग समझ लेता है। फेसबुक पर कौन एक्टिव है, इसकी जानकारी तो छानबीन के बाद ही हो सकेगी।
किस काम की हाई सिक्योरिटी जेल
नीरज बवाना ने 20 अक्तूबर को भी एक फेस बुक एकाउंट पर पोस्ट डाली, इसमें पुलिसकर्मी नीरज को जेल से बाहर लाते दिखाई दे रहे हैं। अब सवाल यह उठता है कि आखिरकार दिल्ली, पटियाला समेत कई हाई सिक्योरिटी जेल में बंद रहने के बाद भी कुख्यात खुद एकाउंट चला रहे हैं या उनके नाम से कोई दूसरा इन खातों का संचालन कर रहा है।
अभी तक नहीं मिला बागपत जेल का मोबाइल
मुन्ना बजरंगी हत्याकांड के बाद से पुलिस और जेल अफसर अभी तक जांच में ही जुटे हैं। जांच में क्या चल रहा है। कितनी कामयाबी अभी तक की भागदौड़ से मिल पाई है। किन प्रदेशों के अफसरों से सहयोग लिया जा रहा है इ पर कुछ भी बोलने के लिये कोई तैदयार नहीं है। जांच चल रही है। जिस मोबाइल से फोटो वायरल किए गए हैं, वह अभी तक नहीं मिला है।
बवाना, भूरा और राठी का हरियाणा कनेक्शन
एक लाख के इनामी रहे नीरज बवाना, दस लाख के इनामी रहे अमित उर्फ भूरा के फेसबुक एकाउंट से डाले गए पोस्ट पर सबसे अधिक कमेंट हरियाणा की पृष्ठभूमि के लोगों के ही है। कोई कुख्यात के जल्द बाहर आने की बात कह रहा है तो कोई इनकी खुलेआम तारीफ कर रहा है।
आईएम बैक, जल्द आ रहा हूं
पंजाब की पटियाला जेल में बंद दस लाख रुपये के इनामी बदमाश रहे अमित उर्फ भूरा के नाम से बनाए गए फेसबुक अकाउंट पर 16 मार्च और 20 अप्रैल को दो अलग-अलग पोस्ट डाली गई है। इनमें से 20 अप्रैल की पोस्ट में उसे अंग्रेजी में दो शब्द आईएम बैक लिखकर अपनी आईडी का कवर फोटो भी अप डेट किया है। 16 मार्च की पोस्ट में उसने लिखा है, भाइयों में अब वापस आ रहा हूं।
सोशल मीडिया पर नजर रखती है पुलिस
एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि सोशल मीडिया पर नजर रखने व उसकी मॉनीटरिंग करने के लिए पहले से ही अलग सेल काम कर रही है। दूसरे राज्यों से भी इसका समन्वय लगातार बना रहता है। अगर किसी विवादस्पद पोस्ट का अलग राज्यों से संबंध होता है तो उसके लिए सहयोग लिया जाता है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/