अगली 26 तक पूरा हो जाना चाहिए काम
इसके बाद मंत्री काफिले के साथ सीवर ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचे। वहां सड़क पर इतनी धूल थी कि मंत्री को भी अंदर जाने से पहले कुछ देर रुकना पड़ा। जल निगम की निर्माण इकाई के एक्सईएन एवी जैन से उन्होंने ट्रीटमेंट प्लांट की कार्यक्षमता के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि शहर के छह में से एक नाले को प्लांट से जोड़ा गया है। मंत्री ने बाकी नालों को न जोड़े जाने के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि जल्दी जोड़ देंगे। इसके लिए बजट मांगा गया है। मंत्री ने सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के सामने सड़क टूटी होने व धूल होने पर एक्सईएन को खूब फटकार लगाई। कहा कि एंट्री गेट पर ही यह हाल है। क्या वे चाहते हैं कि कोई यहां आए ही नहीं। सड़क को ठीक क्यों नहीं कराया गया। एक्सईएन एवी जैन ने कहा कि ट्रीटमेंट प्लांट का एंट्री गेट दूसरा है। सड़क को सही करने का काम जल्दी ही हो जाएगा। इस पर मंत्री नाराज हो गए और कहा कि यह तरीका नहीं होता है हर काम को लटकाने का। उन्होंने दो बार एक्सईएन से पूछा कि उनके रिटायर होने में कितना समय है। एक्सईएन ने बताया कि डेढ़ साल बाकी है। इस पर मंत्री ने पूछा कि काम करना चाहते हो या फिर घर जाना चाहते हो। एक्सईएन ने कहा कि काम करना चाहते हैं। मंत्री ने कहा कि अगर काम नहीं करोगे तो घर भेज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज 26 तारीख है। अगली 26 तारीख तक उनके कार्यालय पर मेल आ जानी चाहिए कि काम पूरा हो गया है। अगर काम पूरा न हुआ तो उन्हें घर भेज दिया जाएगा।
काम नहीं करते तो एडीएम से भी ले लो चार्ज
एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़ को भी सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का सप्ताह में दो बार निरीक्षण करने को कहा। डीएम सुजीत कुमार से कहा कि अगर एडीएम भी काम नहीं करते हैं तो उनसे चार्ज ले लिया जाए। डीएम से शहर की आबादी की जानकारी ली। डीएम ने मंत्री से सीमा विस्तार के प्रस्ताव के बारे में बताया। इसके बाद मंत्री विकास भवन पहुंचे और नगर पालिका, डूडा, पीडब्लूडी आदि विभागों की योजनाओं की समीक्षा बैठक की। इस दौरान पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह, पूर्व सांसद डॉ. यशवंत सिंह, जिलाध्यक्ष राजीव सिसौदिया, डीएम सुजीत कुमार, एसपी संजीव त्यागी, जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र चौधरी, दीपक गर्ग मोनू, एसडीएम बृजेश कुमार आदि मौजूद रहे।
14 लाख की वजह से घरों में भरता है पानी
सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के निरीक्षण के दौरान एक्सईएन एवी जैन ने मंत्री को बताया कि नालों को जोड़ने के लिए 14 लाख का बजट मांगा गया है। पहले नालों का पानी तालाबों में भेजने के निर्देश थे। इस पर पूर्व सांसद भारतेंद्र सिंह ने कहा कि 14 लाख रुपए की वजह से घरों में पानी भर रहा है। बरसात भी शुरू होने को है। अब तक कुछ भी नहीं किया गया। मंत्री जी के तेवर देखकर अफसरों के पसीने छूटे रहे। सभी अधिकारी अपनी अपनी गाड़ी से मंत्री जी के काफिले में गए थे। गाड़ियों की वजह से जाम लग गया तो ईओ दुर्गेश्वर त्रिपाठी बाइक से ही काफिले के साथ दौड़ पड़े। कयास लगाए जा रहे थे कि मंत्री किसी एक ही मोहल्ले का निरीक्षण करेंगे, लेकिन उन्होंने ताबड़तोड़ एक घंटे से ज्यादा निरीक्षण करके अफसरों की सांसें अटका दीं।
जिस चौराहे से निकले, वहीं लगा जाम
मंत्री के निरीक्षण के दौरान उनकी गाड़ी निकलने से कई बार जाम लगा रहा। जिस चौराहे से भी मंत्री की गाड़ी निकली वहां बाद में काफी जाम लगा। मंत्री के काफिले के साथ चल रही एंबुलेंस भी काफी देर तक जाम में फंसी रही।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/