मेरठ। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने जनपद के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं स्ववित्त पोषित माध्यमिक विद्यालयों को दसवीं और बारहवीं की प्री-बोर्ड परीक्षा के आयोजन को लेकर दिशा निर्देश जारी किए हैं। माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार ये परीक्षाएं जनवरी के द्वितीय सप्ताह में विद्यालय स्तर पर आयोजित होंगी। मेरठ में यह परीक्षा 6 जनवरी से 16 जनवरी तक चलेगी।
प्रश्नपत्रों का वितरण राजकीय इंटर कॉलेज मेरठ (खूनी पुल) से किया जाएगा। इसके लिए प्रधानाचार्य उपेंद्र सिंह को नोडल अधिकारी और उप प्रधानाचार्य प्रशांत चौधरी को सह नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। दोनों अधिकारी विद्यालयों से विषयवार छात्र-छात्राओं की जानकारी प्राप्त कर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराएंगे। निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित तिथि पर प्रधानाचार्य स्वयं उपस्थित होकर निर्धारित प्रारूप पर विषयवार छात्र-छात्राओं की संख्या की सूचना लेकर प्रश्नपत्र प्राप्त करें। प्रश्नपत्र सुरक्षित अपने विद्यालय ले जाएं और संलग्न परीक्षा कार्यक्रम (स्कीम) के अनुसार प्री-बोर्ड परीक्षा का आयोजन सुनिश्चित करें। स्कीम में शामिल विषयों के अलावा अन्य विषयों की परीक्षा विद्यालय अपने स्तर से प्रश्नपत्र तैयार कराकर आयोजित कराएंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा नकल विहीन एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाए।
प्रश्न-पत्र प्राप्त करने का कार्यक्रम इस प्रकार है
24 दिसंबर: जनपद के सभी राजकीय विद्यालय
26 दिसंबर: तहसील मेरठ के अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय
29 दिसंबर: तहसील मवाना एवं सरधना के अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालय
30 दिसंबर: तहसील मेरठ के स्ववित्त पोषित माध्यमिक विद्यालय
31 दिसंबर: तहसील मवाना के स्ववित्त पोषित माध्यमिक विद्यालय
एक जनवरी: तहसील सरधना के स्ववित्त पोषित माध्यमिक विद्यालय