मेरठ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इंटरमीडिएट वर्ष 2026 की प्रयोगात्मक परीक्षा में छूटे छात्र-छात्राओं को अंतिम अवसर दिया है। इन छात्रों की परीक्षाएं गुरुवार एवं शुक्रवार को आयोजित की जाएंगी। यह फैसला हजारों विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।
परीक्षाएं पूरी तरह सीसीटीवी कैमरों की सख्त निगरानी में होंगी। परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा नियुक्त परीक्षक इन्हें संपन्न कराएंगे। जिन विद्यालयों के सभी परीक्षार्थी छूट गए हैं, उनकी परीक्षा संबंधित विद्यालय में ही होगी। वहीं, अलग-अलग छूटे छात्र-छात्राओं की परीक्षा जनपद मुख्यालय पर निर्धारित केंद्रों पर ली जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज को विशेष केंद्र बनाया गया है। प्रधानाचार्यों को तुरंत छात्रों को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि यह छात्रों के लिए अंतिम मौका है। यदि किसी छात्र की प्रयोगात्मक परीक्षा नहीं हो पाती है तो संबंधित प्रधानाचार्य और परीक्षार्थी दोनों पूर्ण रूप से उत्तरदायी होंगे।