गड़बड़ी मिले तो केंद्र डिबार कर रिपोर्ट कराएं डीआईओएस
डीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी भी सूरत में नकल नहीं होनी चाहिए। मानवीयता दिखाते हुए ऐसा कतई नहीं सोचे कि बच्चे हैं और इनके भविष्य का मामला है। यदि किसी केंद्र पर एक जैसे सवालों के जवाब मिलें तो तुरंत केंद्र को डिबार कर डीआईओएस अपने स्तर से रिपोर्ट दर्ज करवाएं।
शारीरिक अक्षम बच्चे को प्रवेश में मोहलत दी जाए
डीएम ने कहा कि परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार बंद होने के समय से चार-पांच मिनट देरी से यदि कोई दिव्यांग बच्चा पहुंचे तो उसे मानवता के चलते केंद्र में प्रवेश करवा दिया जाए। कक्ष निरीक्षक सुनिश्चित करें कि परीक्षार्थी अपनी कापी में रोल नंबर और अन्य विवरण ठीक प्रकार से भर रहा है अथवा नहीं। यह चेक करने के बाद ही कक्ष कापी पर निरीक्षक हस्ताक्षर करें। परीक्षा केंद्र के अंदर मीडिया कर्मियों को फोटो खींचने की अनुमति नहीं होगी। यदि किसी केंद्र के अंदर फोटो खिंचेगी तो केंद्र व्यवस्थापक आदि जिम्मेदार होंगे।
10 बजे के बाद परीक्षार्थियों को नहीं मिल पाएगा प्रवेश
डेटशीट के अनुसार बुधवार को कक्षा 10वीं की पेंटिंग की परीक्षा प्रथम पाली में सुबह 10:30 बजे से शुरू होकर दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी। वहीं, कक्षा 12वीं की उद्यमशीलता की परीक्षा सुबह 10:30 से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। छात्र-छात्राओं के लिए परीक्षा केंद्र सुबह 9 बजे खुलेगा। 10 बजे के बाद परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
सीबीएसई कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू होकर पांच अप्रैल तक जिले के 32 केंद्रों पर संपन्न होंगी। कुल 26,566 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। जिसमें कक्षा 10वीं के 14,042 एवं कक्षा 12वीं से 12,524 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। सीबीएसई सिटी समन्वयक व केएल इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने आवश्यक निर्देश देते हुए बताया कि बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने वाले छात्र निर्धारित समय सुबह 9 बजे तक अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचे।