मेरठ। यूपी बोर्ड की वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की इंप्रूवमेंट और कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पात्र परीक्षार्थी परिषद की वेबसाइट पर 27 जून की मध्यरात्रि 12 बजे तक आवेदन कर सकेंगे।
इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ला ने जनपद के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी किए हैं। डीआईओएस ने सभी विद्यालयों को निर्देशित किया है कि वे अपने स्तर से पात्र एवं इच्छुक छात्र-छात्राओं को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि कोई भी अभ्यर्थी आवेदन करने से वंचित न रहे। हाईस्कूल के वे विद्यार्थी जो अपने अंकों में सुधार करना चाहते हैं या किसी विषय में अनुत्तीर्ण हुए हैं, वे इम्प्रूवमेंट अथवा कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसी प्रकार इंटरमीडिएट के पात्र विद्यार्थी भी कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर निर्धारित समयावधि में पूरी करनी होगी।