घर से पूजा करने के लिए निकली चार महिलाओं की हादसों में मौत हो गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बिजनौर के गांव कमालपुर पुरैनी क्षेत्र में स्थित बूढ़ेबाबा के थले पर प्रसाद चढ़ाने जा रहीं ननद व भाभी की पैर फिसलने के कारण पांवधोई नदी में डूब गई। वहीं बागपत में गुफा वाले बाबा मंदिर से पूजा अर्चना कर पैदल अपने गांव सरूरपुर कलां लौट रही तीन महिला श्रद्धालुओं को ट्रक ने कुचल दिया। इनमें दो की मौत हो गई, तीसरी महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
बिजनौर में पांवधोई नदी में डूबने से मरने वाली महिला कस्बा कोटरा निवासी मीरा (23) पत्नी सोनू और उनकी ननद टीना (18) थी। ये कस्बे की अन्य महिलाओं के साथ सोमवार सुबह करीब दस बजे कमालपुरा पुरैनी गांव में बूढ़ेबाबा के थले पर प्रसाद चढ़ाने गई थी। इस दौरान पांवधोई नदी पार करते समय इनका पैर फिसल गया और पानी के तेज बहाव में बहकर यह डूब गई। इनके साथ चार अन्य महिलाएं भी बह निकली थीं, उन्हें खेतों में काम कर रहे लोगों ने बचा लिया गया।