दौराला थाना क्षेत्र की कान्हा सिटी निवासी बलबीर ने बताया कि उनकी बेटी तापसी उपाध्याय बीटेक पानीपूरी वाली की संचालिका है। तापसी व उनका बेटा तुषार किसी काम से दो दिन पूर्व खिर्वा रोड पर आए थे। इस दौरान उनकी कार सड़क किनारे खड़ी थी। इसी बीच एक बाइक सवार तीन युवक मौके पर पहुंचे। तुषार कार से बाहर निकल कर फोन पर बात कर रहा था। बाइक सवार युवकों ने कार हटाने के लिए कहा। जिसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। अन्य लोगों ने समझाकर मामले को शांत कर दिया था।
आरोप है कि कुछ देर बाद तीनों आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर हाईवे पर कार सवार भाई-बहन को रोक लिया। दोनों भाई-बहन पर हमला कर दिया। सीसीटीवी क्लिप में एक युवक डंडे से हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है। अन्य हमलावर भाई-बहन को पीटते हुए नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को पीड़ित भाई बहन थाने पहुंचे। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि वीडियो क्लिप देखी जा रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। पीड़ित पक्ष अगर तहरीर देता है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।