समय आधा, किराया बस के बराबर
अगर आप मेरठ एक्सप्रेसवे से सफर करते हैं तो सराय काले खां से मेरठ पहुंचने में करीब सवा घंटे का समय लगता है। ट्रैफिक बाधित होने पर समय बढ़ भी सकता है। जबकि नमो भारत आपको बमुश्किल 40 मिनट में न्यू अशोक नगर से मेरठ तक पहुंचा देगी।
दिलचस्प यह कि किराया बस के बराबर होगा। कार से सफर करने पर इसमें बढ़ोतरी हो जाती है। ट्रेन से बिना अतिरिक्त पैसे दिए मुसाफिर मेरठ तक ज्यादा सहूलियत से सफर कर सकेंगे। हालांकि, छोटी दूरी से नमो भारत से सफर करना महंगा पड़ेगा। लंबी दूरी की आवाजाही सस्ती पड़ेगी।
जुड़ेंगे दो स्टेशन
फिलहाल, नमो भारत मेरठ साउथ से साहिबाबाद स्टेशन के बीच चल रही है। इसकी दूरी करीब 42 किमी है। वहीं, साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर की 12 किमी की दूरी में आनंद विहार स्टेशन भी पड़ेगा। दो नए स्टेशनों के जुड़ने से नमो भारत एक तरफ से 54 किमी का सफर तय करेगी। वहीं, 9 की जगह स्टेशन की संख्या 11 हो जाएगी।
नोएडा व दक्षिणी हरियाणा तक का सफर होगा बेहतर
आरआरटीएस कॉरिडोर से अभी गाजियाबाद नया बस अड्डा पर दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन कनेक्ट हो रही है। दिल्ली में विस्तार होने से इस कॉरिडोर से दो लाइनें और भी जुड़ रही हैं। आनंद विहार स्टेशन पर मेट्रो की वैशाली से द्वारका तक जाने वाली ब्लू लाइन व मजलिस पार्क से शिव विहार के बीच चलने वाली पिंक लाइन जुड़ जाएगी।
वहीं, न्यू अशोक नगर पर नोएडा इलेक्ट्रानिक सिटी-द्वारका के बीच चलने वाली ब्लू लाइन जुड़ रही है। आगे यह मेट्रो की ज्यादातर लाइनों को लिंक कर देगी। इससे दिल्ली के साथ नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद समेत दक्षिण हरियाणा के शहरों तक पहुंचना आसान होगा।
न्यू अशोक नगर से नमो भारत ट्रेन का किराया
स्टेशन.... स्टैंडर्ड क्लास.... प्रीमियम क्लास
आनंद विहार... 30.... 45
साहिबाबाद.... 50.... 75
गाजियाबाद.... 60.... 90
गुलधर.... 70.... 105
दुहाई.... 80.... 120
दुहाई डिपो.... 90.... 135
मुरादनगर.... 100.... 150
मोदीनगर साउथ.... 120.... 180
मोदीनगर नार्थ.... 130.... 195
मेरठ साउथ.... 150.... 225