टीपी नगर थाना क्षेत्र के वेदव्यासपुरी सेक्टर एक में जय अंबे फाउंडेशन नाम से नशा मुक्ति केंद्र है। मंगलवार शाम पंजाब के मोहाली निवासी प्रियांशु उर्फ़ किन्नू की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। केंद्र के कर्मचारियों का दावा है कि प्रियांशु ने स्टोर रूम में लगे जंगले से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या की है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने नशा मुक्ति केंद्र के संचालक पर प्रियांशु की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
स्मैक के नशे का आदी था प्रियांशु
प्रियांशु को स्मैक पीने की लत थी और वह पहले भी कई बार पंजाब के नशा मुक्ति केंद्रों में भर्ती रह चुका था। 30 सितंबर को उसे जय अंबे फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। मंगलवार शाम को केंद्र के कर्मचारी उसे बच्चा पार्क स्थित एक नर्सिंग होम ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी देखें...
नशा मुक्ति केंद्र में हत्या: हाथ-पैर और मुंह बांधा, कमरे में सोते रहे 12 लोग, देखें वीडियो और तस्वीरें
पोस्टमार्टम से साफ होगी तस्वीर
पुलिस इस मामले में आत्महत्या और हत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है। नशा मुक्ति केंद्र के कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल का मुआयना भी किया गया है। केंद्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज भी देखी जाएगी। प्रियांशु के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत के कारण का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। इस घटना ने एक बार फिर नशा मुक्ति केंद्रों के संचालन और व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।