शामली में उद्यमी से बदमाश ने कॉल करके एक करोड़ रुपये रंगदारी मांग ली। रंगदारी मांगने वाले बदमाश ने खुद को राठी का आदमी बताया। धमकी भरी कॉल आने के बाद से उद्यमी का परिवार दहशत में है। मामले में शामली कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस ने अज्ञात में बदमाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बुधवार को शहर के एक उद्यमी के मोबाइल नंबर पर अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने उद्यमी को धमकी देकर कहा कि मैं राठी का आदमी बोल रहा हूं, तुम फैक्ट्री चलाते हो और स्कूल बना रहे हो। अपने बेटे की सलामती चाहते हो, तो एक करोड़ रुपये दे दो। इसके बाद उद्यमी ने परिवार के अन्य सदस्यों को धमकी भरी कॉल के बारे में बताया, तो परिवार में दहशत पसर गई। शाम को इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई। एक करोड़ की रंगदारी मांगे जाने से पुलिस में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने अज्ञात में बदमाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि इस बारे में पुलिस अधिकारियों ने मामले का खुलासा होने तक कुछ भी बताते से इंकार कर दिया है। उधर, घटना के खुलासे के लिए अधिकारियों ने सर्विलांस टीम, एसओजी और कोतवाली पुलिस सहित कई टीमों को लगाया है।