मेडिकल कालेज के संविदाकर्मियों को दो माह से वेतन नहीं मिला है। उनका घर चलाना मुश्किल हो गया। सपा विधायक अतुल प्रधान ने धरने पर आकर कर्मचारियों को समर्थन दिया और प्राचार्य से बात की।
एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के करीब 850 संविदाकर्मियों को पिछले दो माह का वेतन नहीं मिला है। इससे नाराज कर्मियों ने बृहस्पतिवार को हड़ताल कर दी। प्राचार्य कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन और हंगामा किया। व्यवस्था बनाने के लिए स्थायी स्टाफ और मेडिकल स्टूडेंट्स की ड्यूटी लगाई गई है।
विज्ञापन
कार्य नहीं कर रहे संविदाकर्मियों में नर्स, वार्ड बॉय और टेक्नीशियन आदि हैं। सफाईकर्मी काम कर रहे हैं। संविदाकर्मियों का कहना है कि दो महीने से हमें सैलरी नहीं मिली। अपना घर कैसे चला रहे हैं, हम ही जानते हैं। हमारा शोषण किया जा रहा है। ऐसे हालात में हम काम नहीं कर सकते। सरधना विधायक अतुल प्रधान मौके पर पहुंचे। वह उनका साथ देने के लिए कुछ देर धरने पर भी बैठे। अतुल ने प्रिंसिपल डॉ. आरसी गुप्ता से बात की। साथ ही संविदा कर्मियों को भरोसा दिलाया कि वह इस मामले में शासन में बात करेंगे।
ये बोले प्राचार्य
प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने कहा कि अक्तूबर तक का वेतन आ गया है। नवंबर-दिसंबर का बचा है। कंपनी से बात चल रही है। जल्द बकाया वेतन आने की उम्मीद है। कंपनी का टेंडर निरस्त किया जाए
संविदा कर्मियों के समर्थन में मेडिकल पहुंचे सपा विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि जो कंपनी वेतन नहीं दे सकती, ऐसी कंपनी का टेंडर निरस्त कर देना चाहिए।
मरीज़ों को परेशानी
संविदा कर्मी नर्स, वार्ड बॉय, टेक्नीशियन के हड़ताल पर चले जाने से मरीजों को परेशानी हो रही है, क्योंकि वार्डों में मरीजों की देखभाल यही लोग करते हैं। हालांकि इनकी भरपाई के लिए स्थायी स्टाफ और मेडिकल स्टूडेंट्स को लगाया गया है, लेकिन उनकी संख्या इनके मुकाबले कम है। हड़ताल जारी रही तो आने वाले दिनों में और परेशानी हो सकती है।
कर्मचारी रील बनाकर कर रहे वायरल
मेडिकल कॉलेज के संविदा कर्मी धरना प्रदर्शन के दौरान रील बनाकर उसे वायरल भी कर रहे हैं। एक कर्मचारी जो रील बना रहा है, उसने प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि यह वीडियो उन्हें भी टैग कर रहे हैं। देखते हैं वो उनके लिए क्या करते हैं। साथ ही वीडियो में अतुल प्रधान की तारीफ भी कर रहे हैं।