एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन करते भीम आर्मी कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर जनपद के देवबंद में भीम आर्मी ने उन्नाव और राजस्थान में अनुसूचित जाति के लोगों का उत्पीड़न और हत्या की बढ़ती घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन उपरांत राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा है। इसमें उत्तर प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाने और किशोरी के साथ दुष्कर्म के आरोपी भाजपा विधायक के मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराने की मांग की है।
भीम आर्मी के देवबंद विधान सभा अध्यक्ष दीपक बौद्ध के नेतृत्व में गुरुवार को कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम राकेश कुमार को सौंपते हुए आरोप लगाया कि उन्नाव के भाजपा विधायक सैंगर और उसके साथियों द्वारा किशोरी के साथ दुष्कर्म किया गया। इतना ही नहीं पीड़िता द्वारा आवाज उठाने पर उसके चाचा को झूठे मुकदमे में जेल भेज दिया गया। पीड़िता के पिता की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। पीड़िता के परिवार पर जानलेवा हमला किया गया।
उन्होंने बताया कि ऐसी ही एक शर्मसार करने वाली घटना राजस्थान के चुरू जिले में भी हुई है। इसको लेकर बहुजन समाज के लोगों में भारी रोष है। भीम आर्मी ने राष्ट्रपति से उत्तर प्रदेश और राजस्थान में हुई घटना के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने, पीड़ितों को उचित मुआवजा और सरकारी नौकरी दिलाने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में पवन कुमार, सुभाष कुमार, अंकुश कुमार, संजय, शौर्य अंबेडकर, सोमपाल बौद्ध, मयंक कटारिया आदि मौजूद रहे।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/