- दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिसमें एसएसपी के हस्तक्षेप के बाद प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
मुंडाली। बीते दिनों मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव अटौला स्थित डीएम पब्लिक स्कूल के सामने अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस मामले में एसएसपी के हस्तक्षेप के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है।
थाना परीक्षितगढ़ क्षेत्र के गांव बहादरपुर निवासी पीड़ित शकरूद्दीन ने मुंडाली थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि 29 जून को उनके दो पुत्र परवेज और शाकिर बाइक पर सवार होकर गाजियाबाद जा रहे थे। अटौला स्थित डीएम पब्लिक स्कूल के सामने पहुंचने पर गलत दिशा में आ रहे अज्ञात वाहन उन्हें टक्कर मार दी थी। हादसे में परवेज को मामूली चोटें आई और शाकिर गंभीर रूप से घायल हो गया था। पीड़ित ने बताया कि मुंडाली थाने में कई बार प्राथमिकी दर्ज कराने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज नहीं गई।
सीओ किठौर सौम्या अस्थाना ने कहा कि मामले का उनको संज्ञान मिला है, जिसमें अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी वाहन चालक का पता लगा रही है। जल्द आरोपी का पता कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।