सरूरपुर। थाना क्षेत्र के सरधना-बिनौली सड़क पर भूनी चौराहे के पास धागों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। ट्रक पलटने से चालक घायल हो गया। राहगीरों ने चालक को अस्पताल में भर्ती कराया।
हरियाणा के जनपद सोनीपत निवासी संजय अपने ट्रक में धागा लादकर सरधना जा रहा था। रविवार सुबह तड़के 3:00 बजे जैसे वह भूनी चौराहे के पास पहुंचा तो सामने से गलत दिशा में आ रहे ट्रक को बचाने के चक्कर में उसका ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। चालक भी ट्रक के अंदर ही फंस गया। राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस जांच में जुटी है। पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। थाना प्रभारी गौरव सिंह ने तहरीर आने के बाद जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।