हादसे में मृतक कार चालक राजीव का आधार कार्ड (पुलिस)
खरखौदा-मोहिउद्दीनपुर मार्ग पर गांव धनतला के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा (मेरठ)। खरखौदा-मोहिउद्दीनपुर मार्ग पर गांव धनतला के पास मेरठ की ओर से तेज गति से आ रही एक अल्टो कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में दिल्ली निवासी चालक राजीव गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार युवक व युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक व घायल दिल्ली के रहने वाले हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वह लोग कहां जा रहे थे।
शनिवार को शाम के समय खरखौदा-मोहिउद्दीनपुर रोड पर गांव धनतला में ढाबे के सामने मेरठ की ओर से तेज गति से आ रही एक अल्टो कार अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे की आवाज सुनकर ग्रामीण व थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से घायल युवती व युवक को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। उधर, चालक गाड़ी में बुरी तरह से फंस हुआ था और उससकी मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने कार में फंसे चालक को करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी की सहायता से बाहर निकाला।
उधर, तीनों के मोबाइल पर लॉक लगा था। इस कारण कुछ स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस ने मृतक चालक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान राजीव गुप्ता (29) पुत्र राजेश गुप्ता निवासी रेलवे कॉलोनी सिविल लाइन उत्तरी दिल्ली के रूप में की है। मृतक के मोबाइल पर आई कॉल से पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। घायल युवक व युवती बेहोशी की हालत में हैं। उनकी जेब से मिले कागजों के आधार पर युवक का नाम विवेक व युवती का नाम अक्षिता उर्फ रागिनी बताया जा रहा है। दोनों घायल भी दिल्ली के ही रहने वाले हैं। कार कस्बा खरखौदा की ओर आ रही थी, लेकिन वह लोग कहां जा रहे थे इसकी अभी कोई जानकारी नहीं है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में लगी है।
हादसे में मृतक कार चालक राजीव का आधार कार्ड (पुलिस)