मुजफ्फरनगर में जानसठ-खतौली मार्ग पर रविवार की रात शादी समारोह से लौटते समय कार व ट्रैक्टर ट्रॉली की जबरदस्त भिड़ंत हो गई, जिससे कार सवार होमगार्ड सहित छह लोग घायल हो गए। मेरठ अस्पताल में उपचार के दौरान होमगार्ड चाचा व भतीजे की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानसठ के गांव खेड़ा चौंगावा निवासी लोकेंद्र गुर्जर (40) पुत्र धनपाल होमगार्ड था, जो फिलहाल थाना सिखेड़ा में तैनात था। होमगार्ड लोकेंद्र गुर्जर के भतीजे धर्मेंद्र की बरात रविवार को खतौली के गांव तुलसीपुर में गई थी। लोकेंद्र भी कार द्वारा अपने परिवार के सदस्यों के साथ बरात में गया था। रविवार की शाम को बरात विदा होने के बाद लोकेंद्र अपने परिवार के सदस्यों के साथ कार द्वारा गांव लौट रहा था। रात में घर लौटते समय जानसठ-खतौली मार्ग पर भलवा पुलिस चौकी से आगे निकलते ही लोकेंद्र की कार आगे जा रही खाली ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रैक्टर भी खाई में जा गिरा। वहां से गुजरने वाले राहगीरों ने क्षतिग्रस्त कार से घायलों को बमुश्किल बाहर निकाला। हादसे में कार सवार लोकेंद्र और उसका 13 वर्षीय पुत्र शिवांग, भाई मोनू, भाई मोनू का पुत्र (7) वर्षीय पुत्र गुडडू व चार वर्षीय पुत्री अभी, विनीत पुत्र रामबल, सोनू पुत्र कालूराम घायल हो गए थे।