मेरठ। जागृति विहार में सड़क के बीचों बीच बनाए गए अवैध मकान को सोमवार को ध्वस्त कर दिया गया। लोगों के विरोध के बाद रविवार को अवकाश के दिन आवास एवं विकास परिषद की टीम पुलिस के साथ पहुंची और निर्माण रुकवाया था। मामले में जिलाधिकारी को आवास एवं विकास परिषद के अधिकारियों ने पत्र लिखकर ध्वस्त करने की सिफारिश की थी। सोमवार दोपहर को नगर निगम के बुलडोजर से इसे ध्वस्त कर दिया गया।
जागृति विहार में मंशा देवी मंदिर के सामने सेक्टर-6 में नौ मीटर मार्ग है। आरोप है कि अरविंद सैनी की ओर से सड़क पर अवैध कब्जा कर बीचों बीच निर्माण कर लिया गया है। रविवार को लोगों ने जमकर हंगामा किया था। सूचना पर आवास एवं विकास परिषद के अधिशासी अभियंता एसपी सिंह मय पुलिस फोर्स पहुंचे थे। अधिशासी अभियंता ने बताया कि अरविंद सैनी की ओर से अदालत के आदेश पर चिह्नांकन का दावा किया गया। एसपी सिंह ने बताया कि विभाग की किसी भी योजना में कोई भी जमीन होती है तो उसके लिए असुधार शुल्क जमा कर नक्शा पास करवाना अनिवार्य होता है। बिना नक्शा पास कराए निर्माण कराया जा रहा था, जिसे रुकवाया गया। अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के लिए जिलाधिकारी को भी पत्र लिखा गया। सोमवार को क्षेत्र के लोगों ने नगर आयुक्त से भी मामले की शिकायत की। इसके बाद दोपहर में पुलिस फोर्स के साथ नगर निगम की टीम पहुंची और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।