माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। बिजली बंबा बाईपास पर शुक्रवार को मेरठ विकास प्राधिकरण के प्रवर्तन दल ने रोड वाइंडिंग के अंतर्गत 35 अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए। बिजली बंबा बाईपास का चौड़ीकरण किया जाना है जिसके लिए प्राधिकरण ने रोड वाइंडिंग के तहत निशान लगाए थे। शुक्रवार को पहुंची टीम का काफी लोगों ने विरोध किया। लोगों का कहना था कि बिना नोटिस के ही प्राधिकरण की टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी। ऐसे में 35 अवैध निर्माण ध्वस्त करके टीम वापस लौट आई।
प्रवर्तन दल की उप प्रभारी धीरज यादव ने बताया कि बिजली बंबा बाईपास का चौड़ीकरण किया जाना है। ऐसे में रोड वाइंडिंग के तहत अतिक्रमण हटाने के लिए निशान लगाए गए थे। उन्होंने बताया कि जुम्मे की नमाज के कारण मजिस्ट्रेट व थाना ब्रह्मपुरी का पुलिस बल प्राधिकरण की विशेष अभियान में उपस्थित नहीं हो पाए। ऐसे में लोगों ने विरोध किया जिस पर टीम 35 अवैध निर्माण दिवस पर वापस लौट आई। उन्होंने बताया कि कुछ कॉलोनी की बाउंड्री वॉल के अलावा पेट्रोल पंप की दीवार और अस्थाई रूप से किए गए अतिक्रमण को चार जेसीबी के जरिए ध्वस्त किया गया। धीरज यादव ने बताया कि दो महीने पहले ही रोड वाइंडिंग के तहत निशान लगाए गए थे और अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए लगातार लोगों को सूचित भी किया गया। उन्होंने बताया कि अवैध निर्माण हटाने के लिए फिर से थाना ब्रह्मपुरी पुलिस से मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में ध्वस्तीकरण का अभियान चलाया जाएगा।