लावड़ (मेरठ)। कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती निवासी चार महीने से लापता उमेर के मामले में इंचौली पुलिस ने बुधवार को हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी दोस्त ईशा को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस का दावा है कि आरोपी दोस्त ने प्रेम प्रसंग में उसकी गोली मारकर हत्या कर शव सरधना के पास अटेरना गंग नहर में फेंकने की बात कबूल की है। पुलिस ने गंगनहर में उसके शव की तलाश की लेकिन शव नहीं मिला।
पुलिस के अनुसार, चार माह पहले 22 जून को उमेर को ईशा और शाकिर ने फोन करके घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद से ही उमेर घर नहीं लौटा था। परिजन तभी से उसकी बरामदगी की मांग कर रहे थे। उसके भाई आलमगिर ने बस्ती के ही उसके दोस्त ईशा और शाकिर पर अपहरण कर हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी ईशा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कस्बे की एक किराना की दुकान पर बैठने वाली युवती से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। उमेर भी वहां आता जाता था। उमेर ने युवती का हाथ पकड़ लिया था और ईशा ने उसकी इस हरकत को देख लिया। इस पर ईशा ने उसी दिन उसे फोन करके उसे घर से बुलाया और घूमने जाने की बात कहकर उसे सरधना के पास अटेरना ले गया। वहां गंग नहर के किनारे बैठकर कोल्ड डि्रंक पी। इसी दौरान उसके सिर में पीछे से गोली मारकर हत्या कर दी और शव नहर में फेंक दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को कब्जे में ले लिया। सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह ने बताया कि एक आरोपी को जेल भेज दिया गया है और दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस की एक टीम शव बरामदगी में लगी है। इस संबंध में गाजियाबाद पुलिस से भी मदद ली जा रही है।
परिजनों ने चौकी घेरी, भाई और पत्नी ने की आत्मदाह की कोशिश
लावड़। लापता उमेर की हत्या का खुलासा होने के बाद भी पुलिस उसका शव बरामद नहीं कर सकी। इसे लेकर परिजनों ने लावड़ चौकी पहुंचकर जमकर हंगामा किया। शव बरामदगी की मांग को लेकर उमेर की पत्नी नगमा और भाई आलमगिर ने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया, परंतु पुलिस उनसे बोतल छीनने की हिम्मत तक नहीं जुटा सकी। सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह के आश्वासन पर परिजन शांत हुए।
बुधवार दोपहर को परिजनों को जब पता चला कि पुलिस बिना शव बरामद किए आरोपी ईशा को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज रही है, तो परिजन हाथों में पेट्रोल की बोतल लेकर भाजपा के ओबीसी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष मोहन सैनी के नेतृत्व में लावड़ चौकी पहुंचे और हंगामा करते हुए धरना दिया। उमेर की पत्नी नगमा और भाई आलमगिर ने पुलिस के सामने ही अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया और आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिस बेबस नजर आई। घंटों चले हंगामे के बाद सूचना पर सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को शांत कराया और 72 घंटे का समय मांगा। परिजनों आरोपी शाकिर को पकड़ने, शव बरामद करने और हल्का इंचार्च अभिषेक यादव को सस्पेंड करने की मांग करते हुए एसएसपी के नाम ज्ञापन सौंपा। सीओ के आश्वासन पर परिजन शांत हुए और धरना समाप्त हुआ। सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह का कहना है कि परिजनों ने तीन मांग रखी है। जल्द दूसरे आरोपी को भी पकड़ा जाएगा।
पत्नी के आत्मदाह की चेतावनी देने पर लिखा था पुलिस ने मुकदमा
लावड़ कसबे के मोहल्ला नई बस्ती निवासी उमेर के पिता जुबैर के अनुसार उनका बेटा उमेर 22 जून को फोन आने पर घर से निकला था, जिसके बाद से वह घर नही लौटा। इस मामले में उन्होंने इंचौली थाने पर 25 जून को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। कुछ दिनों बाद पड़ोस के ही रहने वाले ईसा व शाकिर पर परिजनों ने उमेर की हत्या का आरोप लगाया और तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने फिर भी मुकदमा दर्ज नहीं किया। परिजनों ने एसएसपी कार्यालय पर पहुंचकर प्रदर्शन किया था। पंद्रह दिन पहले उमेर की पत्नी नगमा अपने बच्चों को लेकर लावड़ चौकी पहुंची और बच्चों संग आत्मदाह की चेतावनी दी तो पुलिस हरकत में आई और अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने दूसरे आरोपी शाकिर की अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है।