सीसीएसयू से संबद्ध मेरठ-सहारनपुर मंडल के कॉलेजों में यूजी कोर्सों में एडमिशन को पहली मेरिट बृहस्पतिवार दोपहर जारी होगी। छात्र-छात्राएं वेबसाइट से ऑफर लेटर डाउनलोड करने के बाद मूल प्रमाण पत्रों के साथ संबंधित कॉलेज में पहुंचकर 25 जून तक एडमिशन ले सकते हैं। इसके बाद विवि दूसरी मेरिट जारी करेगा।
मेरठ और सहारनपुर मंडल के नौ जिलों के कॉलेजों में सीसीएसयू ने 23 मई से रजिस्ट्रेशन ओपन किए थे। यूजी कोर्सों बीए, बीएससी और बीकॉम के अलावा दूसरे विषयों में 1 लाख पांच हजार छात्र-छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन किए हैं। बुधवार को विवि में मेरिट निकालने को लेकर बैठक हुई। प्रति कुलपति प्रो. वाई विमला ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर को विश्वविद्यालय पहली मेरिट जारी करेगा। इसमें जिन छात्रों का नाम आ जाएगा अगर एडमिशन नहीं लेते हैं तो फिर दूसरी मेरिट में उनको मौका नहीं मिलेगा। वे फिर ओपन मेरिट में ही शामिल हो सकते हैं। पहली मेरिट के एडमिशन की अंतिम तिथि 25 जून है। छात्र-छात्राएं ऑफर लेटर के साथ मूल प्रमाण पत्र और उनकी फोटो कॉपी साथ लेकर जाएं। दूसरी मेरिट 26 जून की शाम को जारी होगी। इसके एडमिशन 29 जून तक होंगे।
आर्थिक आधार का भी मिलेगा लाभ
सामान्य वर्ग के जिन छात्र-छात्राओं ने 10 फीसदी बढ़ी सीटों पर आर्थिक आधार पर आरक्षण लेने का कॉलम भरा है, वे अपना प्रमाण पत्र साथ लेकर जाएं। अन्यथा उनको इसका लाभ नहीं मिलेगा। सीटों के आरक्षण को लेकर मीटिंग में तय किया गया कि शासनादेश के मुताबिक ही एडमिशन होंगे।