माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ पीवीएनएल एमडी रविश गुप्ता की जूम बैठक में लघु उद्योग भारती ने शहर की विद्युत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। प्रदेश सचिव राजकुमार शर्मा के साथ मेरठ संभाग सचिव पंकज गोयल व मेरठ मंडल महासचिव पंकज जैन ने उद्योग क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति में व्यवधान का मुद्दा उठाते हुए त्वरित समाधान की मांग की।
प्रदेश सचिव राजकुमार शर्मा ने उद्योगपुरम और मोहकमपुर में कम से कम 20 एमवीए के नए बिजलीघर बनाने, दिल्ली रोड के औद्योगिक क्षेत्रों में जर्जर तार व पुराने विद्युत संयंत्र बदलने तथा जलभराव वाले बिजलीघरों का लेवल ऊंचा कराने की मांग की। दिल्ली रोड की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष विद्युत गैंग गठित करने का भी सुझाव दिया गया। पावर एमडी रविश गुप्ता ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए बिजनेस प्लान के तहत समाधान का आश्वासन दिया।