संवाद न्यूज एजेंसी
परीक्षितगढ़ (मेरठ)। नगर निवासी चिकित्सक के दो पुत्रों को सरकारी अस्पताल में नौकरी लगवाने के नाम पर साढ़े आठ लाख रुपये हड़प लिए। फर्जी नियुक्ति पत्र सौंपने और पांच लाख रुपये और मांगने पर परिजनों ने दोनों को बंधक बनाकर पुलिस को सौंप दिया। चिकित्सक के पुत्र ने थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
नगर के मोहल्ला खजूरी दरवाजा निवासी चिकित्सक ओमकार सिंह का क्लीनिक चलाते हैं। उनके दो पुत्रों अनुज व राहुल हैं। आरोप है कि जिला हापुड़ के कस्बा सिंभावली बक्सर निवासी आरोपी और बुलंदशहर के गांव गुलावठी निवासी आरोपी ने मुरादाबाद के सरकारी अस्पताल में अनुज को फार्मासिस्ट व राहुल कुमार को सीनियर फिजियोथेरेपिस्ट के पद पर सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इसके बदले चिकित्सक ओमकार सिंह से उन्हें ऑनलाइन साढ़े तीन लाख रुपये और पांच लाख रुपये नकद दिए थे। सोमवार को दोपहर 2:00 बजे उक्त दोनों आरोपी कार से क्लीनिक पर पहुंचे और फर्जी नियुक्ति पत्र सौंपते हुए पांच लाख रुपये की और मांग करने लगे। शक होने पर उक्त दोनों को बंधक बनाकर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों आरोपियों को पकड़कर थाने ले गई।
चिकित्सक ओमकार के साथ संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुधीर गर्ग, उपाध्यक्ष इंतजार चौधरी अली ने थाने पहुंचकर थानाध्यक्ष विजय कुमार राय से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए उक्त दोनों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। इस बीच चालक कार लेकर मौके से भाग गया। चिकित्सक ओमकार ने बताया कि दोनों पुत्रों के सरकारी अस्पताल में नौकरी लगवाने के नाम पर साढ़े आठ लाख रुपये आरोपियों ने हड़प लिए हैं।
थानाध्यक्ष विजय कुमार राय का कहना है कि पीड़ित की तहरीर मिल गई है। जांच की जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।